Station से उतरकर बालिका वधू पहुंची थाने, बोली – ‘अंकल से करा दी मेरी शादी’, विदा कराके ट्रेन से ला रहे थे बराती

Station से उतरकर बालिका वधू पहुंची थाने, बोली – ‘अंकल से करा दी मेरी शादी’, विदा कराके ट्रेन से ला रहे थे बराती

March 15, 2023 Off By NN Express

आगरा के धौलपुर के 32 वर्षीय युवक ने 14 वर्षीय बालिका से उसकी मर्जी के खिलाफ सात फेरे लिए। चंदौली से विदा कराके ट्रेन से आ रहे थे। आगरा फोर्ट रेलवे स्टेशन पर बरातियों को चकमा देकर बालिका वधू ट्रेन से उतर गई।

वह मंटोला थाने पहुंची। पुलिस को बताया कि अंकल से मेरी शादी करा दी है। इस बीच उसे खोजते हुए दूल्हा भी उधर आ गया। पुलिस ने उसे पकड़ लिया। बाल कल्याण समिति ने किशोरी को आशा ज्योति केंद्र में रखने के निर्देश दिए।

किशोरी की मां की हो चुकी है मौत

बाल कल्याण समिति के सामने 12 मार्च को पुलिस ने किशोरी को पेश किया। समिति के सदस्यों अर्चना उपाध्याय, निमेष बेताल और रेनू चतुर्वेदी ने किशोरी से बात की। उसने बताया, वह थाना शिकारगंज, जिला चंदौली की रहने वाली है। मां की मौत हाे चुकी है। पिता शराबी है। उसकी मर्जी के खिलाफ धौलपुर के थाना निहालगंज निवासी मोनू से उसका रिश्ता तय कर दिया। मोनू की उम्र दोगुनी से अधिक है।

शादी के बाद लौट रहे थे बराती

स्वजन ने 11 मार्च को उसकी शादी करा दी। दूल्हा और उसके स्वजन विदाई कराके ट्रेन से आ रहे थे। ट्रेन के आगरा फोर्ट रेलवे स्टेशनपर रुकी थी। दूल्हा और उसके स्वजन नींद में थे। इस दौरान मौका मिल गया। वह ट्रेन से उतर गई। किशोरी पुलिस चौकी पहुंची। वहां पुलिस को कहानी बताई।इस बीच दूल्हा भी उसे खोजता हुआ आ गया। पुलिस ने उसे पकड़ लिया।

दोनों को मंटोला थाने ले आए। दूल्हा बने युवक ने पुलिस को बताया कि उसके गांव की लड़की की चंदौली में ससुराल है। उसने ही यह रिश्ता कराया था। शादी का दोनों ओर का खर्चा उसी ने उठाया था। पुलिस ने किशोरी के बाबा को सुपुर्दगी के लिए बुलाया। बाल कल्याण समिति के सदस्यों अर्चना उपाध्याय और निमेष बेताल ने बताया कि किशोरी के हित को देखते हुए उसे चंदौली बाल कल्याण समिति के माध्मय से स्वजन को दिया जाएगा।

किशोरी का आयु परीक्षण कराया गया है। उसकी रिपोर्ट और बाल कल्याण समिति के निर्देशों पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।– आलोक सिंह प्रभारी निरीक्षक मंटोला