CRPF जवान ने पत्नी पर लगाया प्रताड़ना का आरोप, पत्नी ने कहा-पति मुझे टॉर्चर करते थे…

CRPF जवान ने पत्नी पर लगाया प्रताड़ना का आरोप, पत्नी ने कहा-पति मुझे टॉर्चर करते थे…

January 24, 2023 Off By NN Express

जगदलपुर,24 जनवरी । बस्तर जिले में स्थित सीआरपीएफ 80वीं बटालियन का लापता जवान निर्मल कटारिया 52 दिन बाद घर लौट आया है। घर से भागने के बाद जवान  मध्यप्रदेश में रह रहा था। जगदलपुर लौटने के बाद जवान ने घर छोड़ने की वजह पारिवारिक कारण को बताया । जवान के मुताबिक उसकी पत्नी हिना कटारिया उसे टॉर्चर करती थी। पिटाई करने के लिए दौड़ाती थी। वो अपनी पत्नी की इन्हीं हरकतों से तंग आ गया था इसलिए घर छोड़कर चला गया था हालांकि, जवान की पत्नी ने झूठा आरोप लगाना बताया है।

निर्मल कटारिया ने कहा कि, हम दोनों पति-पत्नी के बीच पिछले कुछ महीनों से कुछ भी ठीक नहीं चल रहा था। किसी न किसी बात को लेकर हर दिन घर में झगड़ा होता था। पारिवारिक कलह इतनी ज्यादा बढ़ गई थी कि घर छोड़ने का और कहीं जाकर सुसाइड करने का निर्णय ले लिया था। इसी वजह से 5 अगस्त से ड्यूटी पर भी नहीं जा रहा था। निर्मल कटारिया का कहना है कि, मध्यप्रदेश के किसी शहर में रहकर मजदूरी कर गुजारा चला रहा था। इधर, जवान की पत्नी हिना कटारिया ने पति के लगाए सारे आरोपों को झूठा कहा है।

उन्होंने कहा कि पति मुझे टॉर्चर करते थे। मायके वालों से पैसे मांगने को कहते थे। इसमें ससुराल वालों का भी हाथ था। पैसों की तंगी और उधारी के चलते वे घर छोड़कर चले गए थे। अब ससुराल वालों के दबाव में आकर गलत आरोप लगा रहे हैं।उन्होंने बताया कि, पति जगदलपुर आ तो गए हैं लेकिन वे अभी घर पर साथ में नहीं है।  दरअसल, कुछ दिन पहले भी महिला ने प्रेस वार्ता लेकर अपने पति पर मायके से पैसे मंगवाने का दबाव बनाने का आरोप लगाया था।