महिला के घर डकैती करने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार

महिला के घर डकैती करने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार

January 22, 2023 Off By NN Express

दुर्ग,22 जनवरी । पुलिस ने एक महिला के घर में घुसकर उसके बच्चे के ऊपर धारदार हथियार रखकर डकैती करने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है वहीँ तीन अन्य आरोपी फरार हैं। पुलिस ने बताया कि 6 आरोपियों ने मिलकर निलोफर किराना स्टोर नेवई दुर्ग निवासी नरगिस खान (37 साल) के घर में घुसकर डकैती की घटना को अंजाम दिया था। घटना 10 जनवरी सुबह 6 बजे की है। पीड़िता नरगिस खान के मुताबिक अचानक उसके घर में 6 लोग आए और जान से मारने की धमकी देने लगे। उनके हाथों में चाकू व अन्य धारदार हथियार थे। पीड़िता के मुताबिक आरोपी कहने लगे कि घर में रुपए कहां छिपाकर रखे हो लाओ नहीं तो जान से मार देंगे।

जब नरगिस ने रुपए नहीं दिए तो उन्होंने उसके साथ मारपीट की और उसके बच्चे के ऊपर चाकू अड़ा दिया। इससे नरगिस डर गई। शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद बाकी आरोपियों ने घर का एक-एक सामान चेक किया। इस दौरान वो लोग आलमारी में रखे 8 हजार रुपए नगद, एक जोड़ी चांदी की पायल और कुछ अन्य सामान अपने साथ ले गए।महिला की शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की पतासाजी शुरू की। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर उन्होंने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो मोटर साइकिल भी बरामद की है।