यमुना को मिला नया राशन कार्ड

यमुना को मिला नया राशन कार्ड

January 19, 2023 Off By NN Express


बेमेतरा 19 जनवरी | मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा 28 दिसंबर 2022 को बेमेतरा जिले के विकासखण्ड बेरला के ग्राम कठिया में आयोजित भेंट-मुलाकात जनचौपाल के दौरान शासन द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन तथा लोगों की प्रतिक्रिया की जानकारी ली। इस दौरान ग्राम कठिया की एक महिला श्रीमती यमुना बाई साहू ने बताया कि उनके पति के द्वारा उन्हें परित्याग कर दिया गया है, जिसके कारण वे अपने मायके ग्राम कठिया में अपने दो बच्चों के साथ अपना जीवनयापन कर रही है। उनके पास राशनकार्ड नहीं होने के कारण बाजार में अधिक मूल्य पर चावल, शक्कर जैसी आवश्यक वस्तुएं क्रय करना पड़ रहा है। यमुना ने बताया कि मजदूरी से प्राप्त पारिश्रमिक जीवनयापन की जरूरते पूरी करने में ही खर्च हो जाता है।
  मुख्यमंत्री द्वारा इस पर तत्काल संज्ञान लेते हुए पात्रतानुसार नया राशनकार्ड जारी करने का निर्देश दिया गया। खाद्य विभाग द्वारा तत्काल श्रीमती यमुना बाई साहू से संपर्क किया गया जिसमें ज्ञात हुआ कि उनका नाम ग्राम ढारा विकासखण्ड बेमेतरा में उनके सास के नाम से जारी राशन कार्ड में सदस्य के रूप में अंकित है। इस पर विभाग द्वारा समस्त औपचारिकताएं पूर्ण कर परित्यक्ता श्रेणी में नवीन अंत्योदय राशन कार्ड क्र. 226508604320 जारी कर शीघ्र ही उन्हें प्रदाय किया गया। इस राशन कार्ड पर प्रतिमाह 35 किलो चावल, एक किलो शक्कर, एक किलो नमक व अधिकतम 2 लीटर मिट्टी तेल (केरोसिन) प्राप्त होगा। राशन कार्ड प्राप्त होने पर यमुना बाई ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए प्रदेश सरकार एवं जिला प्रशासन धन्यवाद ज्ञापित किया।