जेल में ऐसे गुजरी आफताब की पहली रात,पूरी रात चैन की नींद सोया

जेल में ऐसे गुजरी आफताब की पहली रात,पूरी रात चैन की नींद सोया

November 27, 2022 Off By NN Express

दिल्ली ,27 नवंबर I श्रद्धा हत्याकांड का आरोपी आफताब दिल्ली की तिहाड़ जेल में बंद है। आफताब को शनिवार रात को 13 दिन की न्यायिक हिरासत मिलने के बाद तिहाड़ लाया गया। आफताब को सेल नंबर-4 में रखा गया है। उस पर 24 घंटे सीसीटीवी कैमरे से निगरानी रखी जा रही है। सुरक्षा गार्ड भी सेल के पास तैनात हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार पुलिस रिमांड में रहने के बावजूद आफताब के चेहरे पर शिकन नहीं है। जेल में शिफ्ट होने के बाद वह चैन की नींद सोया। आफताब की इससे पहले एक फोटो सामने आई थी। जिसमें वह सलाखों के अंदर सोता हुआ दिखाई दिया था।

जेल सूत्रों के अनुसार आफताब अपनी सेल में आराम से सोता है। वहीं आरोपी की सुरक्षा को लेकर जेल प्रशासन बेहद सख्त है। उसे सेल नंबर-4 में रखा गया है। इस सेपरेट सेल के बाहर सुरक्षा गार्ड तैनात हैं। शनिवार रात आफताब ने पुलिस के सामने ही खाना खाया। खाना देने से पहले उसकी जांच की जाती है। दिल्ली पुलिस के पास आफताब की रिमांड के लिए 14 दिन का समय था, जो शनिवार को समाप्त हो गया। श्रद्धा के कातिल को मेडिकल के लिए अंबेडकर अस्पताल लाया गया था। वहां वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए उसे कोर्ट में पेश किया गया।

अदालत ने आफताब को 13 दिन न्यायिक हिरासत में तिहाड़ जेल भेज दिया।सोमवार (28 नवंबर) को आफताब का नार्को टेस्ट किया जा सकता है। इससे पहले उसका पॉलीग्राफ टेस्ट भी अधूरा रह गया था। आफताब का पहले स्टेज का पॉलीग्राफ टेस्ट हो चुका है, लेकिन दूसरे चरण का टेस्ट बाकी है। जांच टीम ने कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। रिपोर्ट के अनुसार पुलिस को महरौली के जंगलों में जो हड्डियां मिली हैं, वो श्रद्धा की थीं। हड्डियों का डीएनए टेस्ट, उसके पिता के डीएनए से मेल खाता है।