खेलो इंडिया यूथ गेम्स-2023 के अन्तर्गत उज्जैन में मल्लखंब एवं योगासन की राष्ट्रीय स्पर्धा आयोजित

खेलो इंडिया यूथ गेम्स-2023 के अन्तर्गत उज्जैन में मल्लखंब एवं योगासन की राष्ट्रीय स्पर्धा आयोजित

November 18, 2022 Off By NN Express

उज्जैन,18 नवम्बर । खेलो इंडिया यूथ गेम्स-2023 के अन्तर्गत प्रदेश के विभिन्न जिलों में कुल 27 खेलों की स्पर्धाएं आयोजित होनी है। उज्जैन जिले में खेलो इंडिया यूथ गेम्स के अन्तर्गत 31 जनवरी से 11 फरवरी तक मल्लखंब एवं योगासन की राष्ट्रीय स्पर्धा आयोजित करना प्रस्तावित है। मल्लखंब एवं योगासन की स्पर्धा की तैयारियों से सम्बन्धित बैठक आज संभागायुक्त श्री संदीप यादव की अध्यक्षता में आयोजित की गई। संभागायुक्त ने प्रस्तावित स्पर्धाओं के लिये आयोजन स्थल, होटलों में आरक्षण, सुरक्षा एवं आने-जाने के लिये वाहन व्यवस्था से सम्बन्धित तैयारियों की समीक्षा की। संभागायुक्त ने खेलो इंडिया यूथ गेम्स की सभी तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिये।

बताया गया कि 1 से 3 फरवरी तक योगासन एवं 6 से 10 फरवरी तक मल्लखंब की राष्ट्रीय स्पर्धा आयोजित करना प्रस्तावित है। स्पर्धाएं माधव सेवा न्यास में प्रस्तावित है। खिलाड़ियों के ठहरने की व्यवस्था एक एजेन्सी के द्वारा की जायेगी। एजेन्सी टेण्डर निकाल रही है। उसी के अनुसार खिलाड़ियों के ठहरने की व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। संभागायुक्त ने मल्लखंब एवं योगासन के खिलाड़ियों के लिये सर्वोत्तम व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिये और कहा कि एजेन्सी के अलावा आवश्यकता पड़ने पर प्रशासन भी आवश्यक सहयोग करेगा।

बताया गया कि उक्त्‍ दोनों स्पर्धाएं इनडोर गेम्स प्रतियोगिताएं हैं और मल्लखंब के 350 तथा योगासन के 320 खिलाड़ी मय प्रशिक्षक एवं कोच के मौजूद रहेंगे। संभागायुक्त ने निर्देश दिये कि अन्य राज्य से आने वाले खिलाड़ियों को उज्जैन के स्वरूप का परिचय कराने के लिये उन्हें उज्जैन भ्रमण भी कराया जायेगा। इसके लिये आवश्यक वाहनों की व्यवस्था आरटीओ द्वारा की जायेगी। संभागायुक्त ने कलेक्टर आशीष सिंह को निर्देश दिये कि खिलाड़ियों को आयोजन स्थल तक ले जाने के लिये बेगमबाग की तरफ से रास्ता मुहैया कराया जाये।

खिलाड़ियों की स्वास्थ्य की जांच के लिये मेडिकल टीम भी आयोजन स्थल पर मौजूद रहेगी। खेल सुचारू रूप से संचालित हो, इसके लिये जिला स्तर पर कलेक्टर के मार्गदर्शन में समितियां बनाई जायेंगी, जैसे प्रोटोकाल समिति, सत्कार समिति, आवास समिति, भोजन समिति, यातायात समिति, सुरक्षा समिति, आयोजन स्थल की समिति, उद्घाटन समिति, मेडल सेरेमनी समिति, प्रचार-प्रसार की समिति, आमंत्रण पत्र की समिति तथा चिकित्सा सेवा की समिति बनाई जायेगी।

संभागायुक्त ने कलेक्टर आशीष सिंह को खेलो इंडिया यूथ गेम्स में अधिकारियों की ड्यूटी लगाने के लिये कार्य विभाजन आदेश निकालने के निर्देश दिये। उल्लेखनीय है कि खेलो इंडिया यूथ गेम्स में 18 वर्ष तक के बालक-बालिका स्पर्धा में शामिल हो सकेंगे। बैठक में पुलिस महानिरीक्षक संतोष कुमार सिंह, डीआईजी अनिल कुमार कुशवाह, कलेक्टर आशीष सिंह, पुलिस अधीक्षक सत्येन्द्र कुमार शुक्ल, आयुक्त नगर निगम रोशन कुमार सिंह, संयुक्त संचालक खेल ओपी हारोड़, अतुल भारद्वाज, जिला शिक्षा अधिकारी आनन्द शर्मा, संयुक्त संचालक शिक्षा रवीन्द्र सिंह, मल्लखंब के कोच मोहन धाकड़ आदि उपस्थित थे।