BREAKING M.P.  : अज्ञात लोगों ने घर में सो रहे युवक की गला घोंटकर हत्या कर दी

BREAKING M.P. : अज्ञात लोगों ने घर में सो रहे युवक की गला घोंटकर हत्या कर दी

November 15, 2022 Off By NN Express

भिंड,15 नवंबर । गोरमी के सिकरौदा गांव में अज्ञात लोगों ने घर में सो रहे युवक की गला घोंटकर हत्या कर दी। आरोपित साड़ी से बांधकर शव को घसीटते हुए घर के पीछे सूनसान जगह पर फेंकने जा रहे थे, तभी पड़ोस में रहने वाली महिला ने आवाज लगा दी। आरोपित शव को वही छोड़कर भाग गए। ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। रात में ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। घटना रविवार-सोमवार रात करीब 1 बजे की है।

जानकारी के अनुसार 32 वर्षीय टिंकू पुत्र हुकुमसिंह केवट निवासी सिकरौदा की रविवार-सोमवार रात अज्ञात लोगों ने घर में सोते हुए गला दबाकर हत्या कर दी। जबकि मृतक की पत्नी रामकली और चार बच्चे दूसरे कमरे में सोते रहे। आरोपित शव को साड़ी से लपेटकर घसीटते हुए लेकर दूर फेंकने ले जा रहे थे। तभी आहट सुनकर घर से कुछ दूर रहने वाली महिला की नींद खुल गई। महिला ने आवाज लगाई तो आरोपित शव छोड़कर मौके से फरार हो गए।

बताया जाता है, कि शव को घसीटने के दौरान मृतक का अंडर गारमेंट भी उतर गया। रात में ही ग्रामीणों ने गोरमी थाने में सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। सोमवार सुबह दतिया से एफएसएल अधिकारी डा. सतीश मान मौके पर पहुंचे और जांच की। घर में देसी शराब के चार खाली क्वार्टर भी मिले हैं। फिलहाल पुलिस मृतक की पत्नी रामकली को पूछताछ के लिए थाने लेकर आई है। पुलिस अभी कुछ भी बताने से बच रही है।