2025 में भारत 5 ट्रिलियन डॉलर वाली अर्थव्यवस्था बन जाएगा : अमित शाह

2025 में भारत 5 ट्रिलियन डॉलर वाली अर्थव्यवस्था बन जाएगा : अमित शाह

November 14, 2022 Off By NN Express

नई दिल्ली ,14 नवंबर  केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने तमिलनाडु के चेन्नई में इंडिया सीमेंट लिमिटेड के प्लेटिनम जुबली समारोह को संबोधित किया। इस अवसर पर तमिलनाडु के राज्यपाल आर एन रवि सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे। केन्द्रीय गृह मंत्री ने कहा कि कोई भी संस्था अपने क्षेत्र में लीडर के रूप में उभरती है तभी 75 साल की उसकी यात्रा समाप्त होती है। उन्होंने कहा कि खेल संगठन में पारदर्शिता लाने, संभावनाओं को एक्सप्लोर करने और खिलाड़ियों के जीवन को बेहतर बनाने के लिए श्रीनिवासन ने एक नया रास्ता दिखाया है।

अमित शाह ने कहा कि किसी भी देश को विकसित होने के लिए मूल ज़रूरत है कि उसका इन्फ्रास्ट्रक्चर अच्छा होना चाहिए और इसके लिए ज़रूरी है कि देश सीमेंट के उत्पादन में आत्मनिर्भर बने। उन्होंने कहा कि इंडिया सीमेंट ने सीमेंट के क्षेत्र में संस्थापक उद्योग के नाते बहुत बड़ा योगदान देकर 15.5 मिलियन टन की क्षमता और 10 फैक्ट्री के साथ खुद को इस क्षेत्र की सबसे अग्रणी कंपनियों में से एक बनाया है।

केन्द्रीय गृह मंत्री ने कहा कि पिछले 8 वर्षों में देश के विकास और अर्थतंत्र को मज़बूत करने की दिशा में बहुत अच्छा काम किया गया है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2025 में भारत 5 ट्रिलियन डॉलर वाली अर्थव्यवस्था अवश्य बन जाएगा क्योंकि 8 सालों में भारत की अर्थव्यवस्था ब्रिटेन को पीछे छोड़कर दुनिया में 11वें स्थान से 5वें स्थान पर आ गई है। उन्होंने कहा कि हाल ही में आई मॉर्गन-स्टेनली की रिपोर्ट के अनुसार वर्ष 2027 में भारत दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएगा और इसके लिए इन्फ्रास्ट्रक्चर बहुत ज़रूरी है।

श्री शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में सरकार कई क्षेत्रों में पारदर्शी नीतियां लाकर अनेक संभावनाओं के द्वार खोले हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने रक्षा क्षेत्र में निवेश लाने की सबसे अधिक संभावना तमिलनाडु को दी है और इसका एक बेहतरीन उदाहरण तमिलनाडु डिफेंस इंडस्ट्रियल कॉरिडोर है जिसमें चेन्नई, तिरूचिरापल्ली, कोयम्बटूर, सलेम और होसुर शामिल हैं। श्री शाह ने कहा कि मोदी जी के नेतृत्व में देश में हर क्षेत्र में पिछले 8 सालों में पारदर्शी नीतियों के कारण कई उपलब्धियां हासिल की गई हैं।