महिलाओं ने हिजाब जलाकर जताया विरोध…

महिलाओं ने हिजाब जलाकर जताया विरोध…

November 7, 2022 Off By NN Express

तिरुअनंतपुरम ,07 नवंबर  ईरान में जारी हिजाब विरोध की आंच अब भारत तक पहुंच गई है। केरल में महिलाओं ने रविवार को हिजाब जलाकर प्रदर्शन किया। दरअसल ईरान में हिजाब की अनिवार्यता को लेकर सरकार के खिलाफ कई दिन से विरोध प्रदर्शन चल रहा है। इस दौरान कई लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी। केरल के कोझिकोड में 6 नवंबर यानी रविवार को हिजाब जलाकर विरोध प्रदर्शन किया गया। इस दौरान लोगों ने ईरान में हिजाब विरोधी आंदोलन के साथ अपनी एकजुटता का संदेश दिया। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल हुई थीं।

ईरान में हिजाब का मामला गरमाया हुआ है। विरोध प्रदर्शन में कई लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी है। दरअसल, ईरान में 22 वर्षीय महसा अमीनी की पुलिस हिरासत में मौत हो गई थी, जिसके बाद पूरे देश में लोग सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं। महसा पर आरोप लगाया गया था कि उन्होंने ड्रेस कोड का उल्लंघन किया था। देश में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है। ईरान में हिजाब के विरोध में जारी आंदोलन से सरकार डरी हुई है। वह राजधानी तेहरान में करीब एक हजार प्रदर्शनकारियों पर मुकदमा चलाने की तैयारी कर रही है।

सरकार प्रदर्शनकारियों पर तोड़फोड़ करना, मरे हुए सुरक्षा गार्डों से दु‌र्व्यवहार और सार्वजनिक संपत्ति में आग लगाने जैसे आरोप लगाए गए हैं। इससे पहलें सरकार की हिजाब विरोधी प्रदर्शनों को रोकने की सारी कोशिशें नाकाम हो चुकी है। प्रदर्शनकारी अभी भी आंदोलन को जारी रखे हुए हैं। सरकार इस आंदोलन को दुश्मन देशों की साजिश बता रही है।