असम में बाढ़ पीड़ितों से मिलने पहुंचे विकास उपाध्याय

असम में बाढ़ पीड़ितों से मिलने पहुंचे विकास उपाध्याय

July 9, 2024 Off By NN Express

कहा : केंद्र-राज्य की भाजपा सरकार से बाढ़ पीड़ितों को जो राहत मिलनी चाहिए वो नहीं मिल रही है

डिबरूगढ़ /रायपुर । अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव, पूर्व विधायक व असम प्रभारी विकास उपाध्याय ने असम में बाढ़ पीड़ितों से मुलाकात की। बाढ़ पीड़ितों से मिलने विकास उपाध्याय डिबरूगढ़ के गुमटाल गाँव, टिकियाबाली पहुंचे। उन्होंने कहा कि असम में आई बाढ़ से जनता का जीवन बेहाल हो गया है। केन्द्र और राज्य की भाजपा सरकार से जो राहत मिलनी चाहिए वो उन्हें नहीं मिल पा रही है।

वहाँ की स्थिति को दर्शाते हुये विकास उपाध्याय ने कहा कि वहाँ पर बाढ़ आने से सड़क तहस-नहस हो चुकी है, जिससे लोगों को आने-जाने में बहुत परेशानी उठानी पड़ रही है। लोगों के जान-माल की भी बहुत हानि हुई है और बाढ़ से अभी भी खतरा बना हुआ है। फिर भी वहाँ भाजपा सरकार राहत के नाम पर केवल खाना पूर्ति कर रही है। जबकि पूर्व में कांग्रेस की सरकार थी तब नदियों का पानी बाँध की वजह से गाँवों में नहीं घुसता था, लेकिन अभी नदियों का पूरा पानी गाँवों में आ जाने से बाढ़ के कारण इतनी हानि हुई है और लोग बेस कैंप में रहने को मजबूर हैं।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी लगातार बाढ़ पीड़ितों की सेवा में लगी हुई है और हर संभव मदद कर रही है। राशन तथा चिकित्सा जैसी तमाम सुविधाएँ भी उपलब्ध करा रही हैं। विकास उपाध्याय ने बताया कि लगातार तीन दिन बाढ़ पीड़ित क्षेत्र में जाकर दौरा करेंगे और इसकी संपूर्ण जानकारी कांग्रेस के लीडरशीप को दी जाएगी। दौरे में असम प्रदेश के पूर्व विधायक, प्रदेश पदाधिकारी, पूर्व जिला पंचायत सदस्य, ब्लॉक के पदाधिकारी एवं कांग्रेस के कार्यकर्ता वहाँ मौजूद रहेंगे।