गोलीकांड में अमित जोश के सहयोगी अंकुर शर्मा के घर चला बुलडोजर

गोलीकांड में अमित जोश के सहयोगी अंकुर शर्मा के घर चला बुलडोजर

July 2, 2024 Off By NN Express

भिलाई । ग्लोब चौक पर हुए गोलीकांड के बाद अपराधियों पर लगाम लगाने पुलिस विभाग पूरे जोश में है। गोलीकांड में गिरफ्तार हुए अंकुर शर्मा के घर पर मंगलवार को बीएसपी इंफोर्समेंट व पुलिस विभाग की कार्रवाई हुई। पुलिस बल की मौजूदगी में बीएसपी इंफोर्समेंट ने अंकुर शर्मा के घर पर बुलडोजर चला दिया। इस दौरान बीएसपी की टीम ने अंकुर शर्मा द्वारा किए गए अवैध कब्जे को तोड़ा गया। इस दौरान पुलिस ने अंकुर शर्मा के घर से धारदार हथियार व पंच बरामद किया है।

बता दें 25 जून की रात को सेक्टर-7 ग्लोब चौक पर आधी रात के बाद निगरानी बदमाश अमित जोश ने अपने साथी अंकुर शर्मा, आर यशवंत नायडू व सागर बाग उर्फ डॉगी के साथ मिलकर बाइक सवारों पर गोली चला दी थी। इससे विश्रामपुर निवासी आदित्य सिंह व सुनील यादव को गंभीर चोट आई थी। इस मामले में शिकातय मिलने के बाद पुलिस ने बदमाशों की तलाश शुरू की। पुलिस ने इस मामले में अंकुर शर्मा व आर यशवंत नायडू को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। वहीं मुख्य आरोपी अमित जोश व उसका एक और साथी सागर बाग उर्फ डॉगी फरार हैं।

पुलिस हिरसत में अंकुर शर्मा, जांच के दोरान घर से मिला धारदार हथिायार
आरोपी अमित जोश के फरार होने के बाद पुलिस ने बुलडोजर कार्रवाई शुरू की है। पुलिस की मौजूदगी में तीन दिन पहले अमित जोश के अवैध कब्जों को तोड़ा गया। इसके साथ ही उसके बहनोई व बहन के घर पर भी बुलडोजर चलाया गया। यही नहीं उनके घर को भी सील कर दिया गया। अमित जोश के बहनोई के घर से पुलस ने पिस्टल व दो लोडेड मैग्जीन भी बरामद किया है। पुलिस ने अमित जोश के बहनोई लक्की जॉर्ज व बहन प्रियंका को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं बीएसपी की इंफोर्समेंट डिपार्टमेंट ने अमित जोश के कब्जे वालों आवासों को भी खाली कराया।

अमित जोश के बाद अब अंकुर जैन के अवैध कब्जों पर बीएसपी इंफोर्समेंट ने  बड़ी कार्रवाई की। मंगलवार की सुबह 10:00 बजे बीएसपी का अमला और दुर्ग पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और उसके बाद तोड़फोड़ की शुरुआत हुई। शुरुआत के पहले समान खाली कराया गया। जब पुलिस ने जांच की तो अंकुर शर्मा के घर से धारदार हथियार और हाथ में पहन कर वार करने वाला पंच बरामद किया गया। इसके बाद से अंकुर शर्मा के भाई अर्पित शर्मा को पुलिस ने हिरासत में लिया। अंकुर शर्मा के भाई अर्पित शर्मा उर्फ बिट्टू की तस्वीर कोतवाली थाने में आदतन अपराधी के तौर पर लगाई गई थी।