Weather Update: दिल्ली और यूपी के प्रयागराज में पारा 47 डिग्री के पार

Weather Update: दिल्ली और यूपी के प्रयागराज में पारा 47 डिग्री के पार

June 12, 2024 Off By NN Express

नई दिल्ली। उत्तर भारत के तमाम हिस्सों में भीषण गर्मी पड़ रही है। दिल्ली और यूपी के प्रयागराज में तो मंगलवार को बहुत गर्मी पड़ी। यहां का तापमान 47 डिग्री के ऊपर तक पहुंच गया। दिल्ली के नरेला और यूपी के प्रयागराज में मंगलवार को अधिकतम तापमान 47.1 दर्ज किया गया। बता दें कि मौसम विभाग ने दिल्ली के लिए मंगलवार को ऑरेंज अलर्ट जारी किया था।
दिल्ली में मंगलवार को कहां कितना तापमान दर्ज किया गया?

    दिल्ली शहर का अधिकतम तापमान 43.8 डिग्री दर्ज किया गया।
    नरेला मौसम विज्ञान केंद्र ने शहर में सबसे अधिक तापमान 47.1 डिग्री दर्ज किया।
    सफदरजंग वेधशाला ने अधिकतम तापमान 43.8 डिग्री दर्ज किया।
    नजफगढ़ में अधिकतम तापमान 46.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
    आया नगर में 44.8 डिग्री सेल्सियस, रिज में 45 डिग्री सेल्सियस और पालम में 44.1 डिग्री दर्ज किया गया।

यूपी में कहां कितना तापमान दर्ज किया गया?

    उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में राज्य में सबसे अधिक 47.1 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।
    वाराणसी में अधिकतम तापमान 45.3 डिग्री, बागपत और फुरसतगंज में 45.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
    फतेहपुर में 45 डिग्री और राज्य की राजधानी लखनऊ में अधिकतम तापमान 44.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

आगरा में हुई बारिश

गर्मी के भीषण प्रकोप के बीच यूपी के आगरा की जनता को कुछ राहत मिली और यहां हल्की बारिश हुई। बारिश होने से गर्मी का प्रकोप कुछ कम हुआ और शहर वासियों ने चैन की सांस ली।
राजस्थान में कैसा रहा मौसम?

राजस्थान के कई स्थानों पर अधिकतम तापमान में एक से दो डिग्री सेल्सियस की वृद्धि के साथ गर्मी का प्रकोप जारी रहा। मंगलवार को चुरू 45.6 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान के साथ राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा। जयपुर मौसम केन्द्र के एक अधिकारी ने बताया कि चूरू में मंगलवार को अधिकतम तापमान 45.6 डिग्री सेल्सियस, श्रीगंगानगर में 45.1 डिग्री, फतेहपुर और बीकानेर में 44.8 डिग्री, पिलानी में 44.7 डिग्री, संगरिया में 44.3 डिग्री, बाड़मेर में 44 डिग्री, जयपुर, अलवर एवं जैसलमेर में 43.5 डिग्री तापमान और जोधपुर और जालौर में 42.8 डिग्री दर्ज किया गया।

उन्होंने बताया कि राज्य के अधिकतर स्थानों पर न्यूनतम तापमान 25 डिग्री से 32 डिग्री के बीच दर्ज किया गया। उनके अनुसार मंगलवार को कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हुई। मौसम विभाग ने बताया कि जम्मू में अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम में सामान्य से चार डिग्री अधिक है।
हिमाचल में कैसा रहा मौसम?

हिमाचल प्रदेश में मौसम शुष्क रहा और हमीरपुर जिले का नेरी 44.8 डिग्री सेल्सियस के साथ राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा। ऊना में अधिकतम तापमान 42.8 डिग्री, धौलाकुआं में 42.6 डिग्री, हमीरपुर में 40.8 डिग्री और सुंदरनगर में 40 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

हिमाचल प्रदेश स्थित मौसम विज्ञान केंद्र ने 12 और 13 जून को निचले और मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में शुष्क मौसम तथा 12 से 14 जून तक ऊंचे पर्वतीय क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर बारिश होने का अनुमान जताया है।
हरियाणा और पंजाब में कैसा रहा मौसम?

हरियाणा के नूंह में अधिकतम तापमान 45.9 डिग्री सेल्सियस और हिसार में अधिकतम तापमान 44.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इस बीच, पंजाब के अंबाला में अधिकतम तापमान 44.1 डिग्री सेल्सियस और करनाल में 42.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दोनों राज्यों की साझा राजधानी चंडीगढ़ में भी भीषण गर्मी रही और यहां अधिकतम तापमान 43.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।