Home / Chhattisgarh / रायपुर रेलवे स्टेशन पर पुलिस का सघन चेकिंग अभियान, 50 जवानों ने संभाला मोर्चा; डॉग स्क्वॉड और बम निरोधक दस्ते ने की जांच

रायपुर रेलवे स्टेशन पर पुलिस का सघन चेकिंग अभियान, 50 जवानों ने संभाला मोर्चा; डॉग स्क्वॉड और बम निरोधक दस्ते ने की जांच

ख़बर शेयर करें:

रायपुर, 28 नवंबर 2026। रेलवे स्टेशन की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने की तैयारियों का जायजा लेने के लिए शनिवार शाम रायपुर रेलवे स्टेशन पर संयुक्त सघन चेकिंग अभियान और इमरजेंसी ड्रिल आयोजित की गई। रायपुर कमिश्नरेट जिला पुलिस बल, रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और राजकीय रेलवे पुलिस (GRP) की संयुक्त टीम ने स्टेशन परिसर में संदिग्ध व्यक्तियों और प्रतिबंधित सामग्री की तलाश में सघन जांच की।

पुलिस कमिश्नर रायपुर के निर्देश पर 28 नवंबर 2026 को शाम करीब 5:30 बजे यह अभियान चलाया गया। डीसीपी सेंट्रल जोन तारकेश्वर पटेल और एडिशनल डीसीपी विवेक शुक्ला के नेतृत्व तथा सहायक पुलिस आयुक्त कोतवाली दीपक मिश्रा के पर्यवेक्षण में हुई इस कार्रवाई में करीब 50 महिला एवं पुरुष पुलिस जवान शामिल हुए।

अभियान के तहत सबसे पहले रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 1 और 7 सहित आउटर क्षेत्रों की घेराबंदी की गई। इसके बाद बम निरोधक दस्ते (बॉम्ब डिस्पोजल स्क्वॉड), आरपीएफ और जिला पुलिस की डॉग स्क्वॉड टीमों ने अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर एक साथ सर्चिंग अभियान चलाया। इस दौरान यात्रियों, उनके सामान और स्टेशन परिसर के विभिन्न हिस्सों की बारीकी से जांच की गई।

संयुक्त चेकिंग के दौरान कुछ व्यक्तियों की गतिविधियां संदिग्ध पाए जाने पर उनकी पहचान और अन्य विवरणों का सत्यापन किया जा रहा है। वहीं, कुछ व्यक्तियों के पास प्रतिबंधित सामग्री मिलने पर संबंधित इकाइयों द्वारा वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

इस अभियान में आरपीएफ निरीक्षक करम पाल सिंह गुर्जर, जीआरपी निरीक्षक रजनीश कौशिक, थाना गंज निरीक्षक दीपक पासवान, थाना गुढ़ियारी निरीक्षक नरेंद्र साहू तथा रक्षित केंद्र रायपुर से निरीक्षक लव कुमार कवर और निरीक्षक राम अवतार पटेल सहित विभिन्न इकाइयों के अधिकारी एवं जवान शामिल रहे।

पुलिस की इस संयुक्त कार्रवाई का उद्देश्य रेलवे स्टेशन जैसे महत्वपूर्ण सार्वजनिक स्थानों की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करना, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखना और आपातकालीन परिस्थितियों में विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करना है।

ख़बर शेयर करें:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *