Home / Chhattisgarh / कोरबा में धान खरीदी का पहला पखवाड़ा बीतने को, 18 उपार्जन केंद्रों में अब तक नहीं हुई बोहनी; 55 केंद्रों में 650 किसानों ने बेचा 20,400 क्विंटल धान

कोरबा में धान खरीदी का पहला पखवाड़ा बीतने को, 18 उपार्जन केंद्रों में अब तक नहीं हुई बोहनी; 55 केंद्रों में 650 किसानों ने बेचा 20,400 क्विंटल धान

ख़बर शेयर करें:

कोरबा, 28 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत धान खरीदी अभियान जारी है। अभियान का पहला पखवाड़ा बीतने को है, लेकिन जिले के 60 समितियों के अंतर्गत संचालित 18 धान उपार्जन केंद्रों में अब तक खरीदी की शुरुआत नहीं हो सकी है। वहीं 55 उपार्जन केंद्रों में 650 किसानों से समर्थन मूल्य पर 20 हजार 400 क्विंटल धान की खरीदी की जा चुकी है। इसकी कुल कीमत 4 करोड़ 97 लाख 97 हजार 376.40 रुपये है।

एक ओर धान खरीदी की रफ्तार धीरे-धीरे बढ़ रही है, वहीं दूसरी ओर जिले में प्रस्तावित संग्रहण केंद्रों में भंडारण की तैयारियां अब तक अधूरी हैं। संग्रहण केंद्रों की स्वीकृति और फंड आवंटन का इंतजार किया जा रहा है। ऐसे में आने वाले दिनों में खरीदी की आवक बढ़ने पर उपार्जन केंद्रों में धान जाम होने की स्थिति निर्मित होने की आशंका है।

दरअसल, पिछले खरीफ विपणन वर्ष में कस्टम मिलिंग के लिए डीओ जारी होने के बाद भी समय पर उपार्जन केंद्रों से धान का उठाव नहीं हो पाया था। इसके अलावा धान की रिसाइक्लिंग के लगातार सामने आए मामलों ने शासन की कस्टम मिलिंग नीति पर सवाल खड़े किए थे। इसे देखते हुए चालू खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में नई व्यवस्था लागू की गई है। इसके तहत धान खरीदी अभियान समाप्त होने के बाद ही कस्टम मिलिंग के लिए पंजीकृत अनुबंधित राइस मिलरों को खाद्य विभाग और मार्कफेड के माध्यम से डीओ जारी किए जाएंगे।

इस व्यवस्था के तहत दूरस्थ और हाथी प्रभावित वनांचल क्षेत्रों के धान का प्राथमिकता से निराकरण करने के लिए जिलों से संग्रहण केंद्रों के प्रस्ताव मंगाए गए हैं। कोरबा जिले में उरगा और कटघोरा क्षेत्र में संग्रहण केंद्र प्रस्तावित हैं। उरगा क्षेत्र के लिए करतला विकासखंड की ग्राम पंचायत पठियापाली के आश्रित ग्राम मौहार में संग्रहण केंद्र खोलने का प्रस्ताव जिला प्रशासन द्वारा मार्कफेड मुख्यालय भेजा जा चुका है। यहां सड़क मार्ग से जुड़ी 20 से 25 एकड़ उपयुक्त शासकीय भूमि उपलब्ध है।

वहीं कटघोरा क्षेत्र में ढपढप सहित आसपास के अन्य गांवों में संग्रहण केंद्र के लिए उपयुक्त विवादरहित स्थल की तलाश जारी है। लेकिन अब तक स्वीकृति नहीं मिलने के कारण संग्रहण केंद्रों में धान भंडारण के लिए जरूरी व्यवस्थाएं नहीं हो सकी हैं। इनमें फड़ की साफ-सफाई, बिजली, ड्रेनेज, सुरक्षा के लिए फेसिंग, सीसीटीवी कैमरे और कर्मचारियों की व्यवस्था शामिल है।

खरीदी बढ़ते ही उपार्जन केंद्रों में बढ़ सकती है परेशानी

धान खरीदी शुरू होने के साथ ही संग्रहण केंद्रों में जरूरी व्यवस्थाएं पूरी कर ली जानी चाहिए थीं, ताकि समितियों में बफर लिमिट से अधिक जमा होने वाले धान को समय रहते संग्रहण केंद्रों तक पहुंचाया जा सके। लेकिन खरीदी का पहला पखवाड़ा बीतने के बाद भी तैयारियां पूरी नहीं हो पाई हैं।

मार्कफेड के अधिकारियों के अनुसार, स्वीकृति और फंड आवंटन मिलने के बाद आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी करने में लगभग एक सप्ताह का समय लगेगा। जिले में उरगा और कटघोरा क्षेत्र में कुल 7 से 8 लाख क्विंटल क्षमता के संग्रहण केंद्र प्रस्तावित हैं, जबकि जिले में इस वर्ष 31 लाख 16 हजार क्विंटल धान खरीदी का लक्ष्य निर्धारित है। इस लिहाज से प्रस्तावित संग्रहण केंद्रों में लक्ष्य का लगभग 25 प्रतिशत धान ही भंडारित किया जा सकेगा।

इसके अलावा हाथी प्रभावित और दूरस्थ क्षेत्रों के उपार्जन केंद्रों से आने वाले धान को प्राथमिकता दी जाएगी। ऐसे में मैदानी क्षेत्रों के उपार्जन केंद्रों में खरीदी की आवक बढ़ने पर भंडारण और उठाव की समस्या गहरा सकती है। कटघोरा क्षेत्र में उपयुक्त शासकीय भूमि नहीं मिलने और कुछ निजी जमीनों के विवादित व असुरक्षित होने के कारण संग्रहण केंद्र के लिए स्थल का अंतिम चयन भी नहीं हो सका है।

इन 18 धान उपार्जन केंद्रों में अब तक नहीं हुई खरीदी

जिले के 60 समितियों के अंतर्गत संचालित धान उपार्जन केंद्रों में से 55 केंद्रों में अब तक 650 किसान धान बेच चुके हैं। इनसे कुल 20 हजार 400 क्विंटल धान की आवक हुई है। वहीं 18 केंद्र ऐसे हैं, जहां अब तक खरीदी की शुरुआत यानी बोहनी भी नहीं हुई है।

इन केंद्रों में करतला, कोथारी, कोरकोमा, चिकनीपाली, तुमान, तिलकेजा, पुरैना, फरसवानी, बेहरचुवां, बोईदा, मदवानी, मोरगा, रामपुर, चिर्रा, लेमरू, सुखरीकला, दादरखुर्द और सोनपुरी शामिल हैं।

स्वीकृति और फंड आवंटन का इंतजार

इस संबंध में कोरबा के डीएमओ ऋतुराज देवांगन ने बताया कि करतला विकासखंड के पठियापाली के आश्रित ग्राम मौहार में संग्रहण केंद्र खोलने के लिए प्रस्ताव भेजा जा चुका है। अब स्वीकृति और फंड आवंटन का इंतजार है। इसके बाद आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी की जाएंगी।

उन्होंने बताया कि कटघोरा क्षेत्र में ढपढप सहित पांच गांवों के स्थलों का निरीक्षण किया गया है। उपयुक्त शासकीय भूमि उपलब्ध नहीं होने और निजी भूमि के विवादित व असुरक्षित होने के कारण अब तक स्थल का चयन नहीं हो सका है। शीघ्र ही उपयुक्त स्थान चिन्हांकित कर मुख्यालय को प्रस्ताव भेजा जाएगा।

ख़बर शेयर करें:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *