बिलासपुर, 26 नवंबर 2026। साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) के बिलासपुर स्थित मुख्यालय में गुरुवार को संविधान दिवस गरिमामय वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर भारत रत्न डॉ. भीमराव अम्बेडकर की प्रतिमा के समक्ष कार्यक्रम आयोजित कर भारतीय संविधान के प्रति सम्मान व्यक्त किया गया। कार्यक्रम में एसईसीएल के वरिष्ठ अधिकारियों, विभागाध्यक्षों, श्रमसंघ प्रतिनिधियों तथा कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम के दौरान एसईसीएल के निदेशक (मानव संसाधन) बिरंची दास ने संविधान की उद्देशिका का वाचन किया। उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उनके साथ उद्देशिका को दोहराते हुए संविधान में निहित मूलभूत सिद्धांतों, आदर्शों एवं मूल्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। इस दौरान सभी ने संविधान की गरिमा बनाए रखने तथा उसके आदर्शों के अनुरूप अपने दायित्वों का निर्वहन करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर निदेशक (मानव संसाधन) बिरंची दास एवं निदेशक (तकनीकी-संचालन एवं परियोजना) नृपेंद्र नाथ सहित विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्षों, श्रमसंघ प्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने डॉ. भीमराव अम्बेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। उपस्थितजनों ने संविधान निर्माण में बाबा साहेब के अतुलनीय योगदान का स्मरण करते हुए उनके विचारों एवं आदर्शों को आत्मसात करने का संदेश दिया।
उल्लेखनीय है कि 26 नवंबर 1949 को संविधान सभा ने भारतीय संविधान को अंगीकृत किया था। इसी ऐतिहासिक दिन की स्मृति में वर्ष 2015 से प्रतिवर्ष 26 नवंबर को देशभर में संविधान दिवस मनाया जाता है। इस दिवस का मुख्य उद्देश्य नागरिकों को संविधान के महत्व, मौलिक अधिकारों, कर्तव्यों तथा लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जागरूक करना है।
एसईसीएल मुख्यालय में आयोजित इस कार्यक्रम के माध्यम से अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भारतीय संविधान के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व के मूल सिद्धांतों को अपने कार्य एवं व्यवहार में अपनाने का संदेश दिया।







