बिलासपुर, 26 नवंबर 2026। साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (SECL) के बिलासपुर स्थित मुख्यालय में 26 नवंबर को संविधान दिवस मनाया गया। इस अवसर पर बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा के समक्ष आयोजित कार्यक्रम में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने संविधान के प्रति सम्मान और उसमें निहित मूल्यों एवं आदर्शों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
कार्यक्रम में निदेशक (मानव संसाधन) बिरंची दास ने भारतीय संविधान की उद्देशिका का वाचन किया। उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं अन्य सदस्यों ने उनके साथ उद्देशिका को दोहराया और संविधान के मूल सिद्धांतों के पालन का संकल्प लिया।

इस अवसर पर निदेशक (मानव संसाधन) बिरंची दास एवं निदेशक (तकनीकी, योजना एवं परियोजना) नृपेंद्र नाथ सहित विभिन्न विभागाध्यक्षों, श्रमसंघ प्रतिनिधियों, अधिकारियों और कर्मचारियों ने बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
उल्लेखनीय है कि 26 नवंबर 1949 को भारतीय संविधान सभा ने संविधान को अंगीकृत किया था। इसी ऐतिहासिक दिन की याद में प्रतिवर्ष 26 नवंबर को संविधान दिवस मनाया जाता है। इस दिवस का उद्देश्य नागरिकों को संविधान में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व जैसे मूल्यों के प्रति जागरूक करना तथा संवैधानिक आदर्शों के महत्व को समझाना है।







