Home / Chhattisgarh / रायपुर ट्रैफिक पुलिस की रिकॉर्ड वसूली, 11 महीने में 16.54 करोड़ का चालान

रायपुर ट्रैफिक पुलिस की रिकॉर्ड वसूली, 11 महीने में 16.54 करोड़ का चालान

ख़बर शेयर करें:

. रायपुर 26 नवंबर 2026 । राजधानी रायपुर में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ ट्रैफिक पुलिस की लगातार कार्रवाई से सरकारी खजाने में करोड़ों रुपये जमा हुए हैं। बीते 11 महीनों में रायपुर यातायात पुलिस ने चालानी कार्रवाई के माध्यम से 16 करोड़ 54 लाख 54 हजार रुपये का जुर्माना वसूला है। यह राशि इतनी बड़ी है कि इससे विभाग में पदस्थ 427 पुलिस कर्मचारियों के करीब सात महीने 22 दिन के अनुमानित वेतन की भरपाई हो सकती है। छत्तीसगढ़ में पंजीयन, आबकारी, राजस्व और खनिज विभाग को सरकारी राजस्व जुटाने वाले प्रमुख विभागों में गिना जाता है। वहीं, राजधानी की यातायात पुलिस भी चालानी कार्रवाई के माध्यम से बड़ी राशि सरकारी खजाने में जमा करा रही है।

जुर्माने के आंकड़े राजधानी में यातायात नियमों के उल्लंघन की स्थिति को भी उजागर कर रहे हैं। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार रायपुर कमिश्नरेट के यातायात विभाग में 10 थाने हैं, जिनमें कुल 427 पुलिस कर्मचारी तैनात हैं। यदि प्रत्येक कर्मचारी का औसत मासिक वेतन 50 हजार रुपये माना जाए तो सभी कर्मचारियों के वेतन पर प्रतिमाह करीब दो करोड़ 13 लाख 50 हजार रुपये खर्च होते हैं। इस हिसाब से कर्मचारियों के एक साल के वेतन पर करीब 25 करोड़ 62 लाख रुपये का खर्च आता है। इसके मुकाबले यातायात पुलिस ने पिछले 11 महीनों में 16 करोड़ 54 लाख 54 हजार रुपये का जुर्माना वसूला है। वार्षिक अनुमानित वेतन और जुर्माने की राशि के बीच करीब नौ करोड़ सात लाख रुपये का अंतर है। वहीं, एक महीने के वेतन से तुलना करें तो जुर्माने की राशि करीब 14 करोड़ 41 लाख रुपये अधिक है।

हालांकि, यह तुलना केवल जुर्माने से प्राप्त राजस्व और कर्मचारियों के अनुमानित वेतन के आधार पर की गई है। इससे यह साबित नहीं होता कि पुलिसकर्मियों का वेतन सीधे चालान से प्राप्त राशि से दिया जा रहा है। राजधानी में यातायात पुलिस ने अब तक करीब एक लाख 40 हजार वाहन चालकों के खिलाफ अलग-अलग यातायात नियमों के उल्लंघन के मामलों में कार्रवाई की है। चालानी कार्रवाई के साथ ही जुर्माने की राशि जमा करने की प्रक्रिया को डिजिटल बनाया गया है। सभी यातायात थानों में भुगतान की सुविधा के लिए क्यूआर कोड भी चस्पा किए गए हैं।

ई-चालान को लेकर वाहन मालिकों को कई तरह की परेशानियों का भी सामना करना पड़ रहा है। कई वाहन चालकों को चालानी कार्रवाई के बाद मोबाइल पर मैसेज नहीं मिल रहा है। ऐसे में उन्हें अपने वाहन पर लंबित चालान की जानकारी समय पर नहीं मिल पाती है। वाहन का चालान ऑनलाइन चेक करने पर लंबित जुर्माने का पता चलता है। जानकारी के अभाव में कई मामले न्यायालय तक पहुंच रहे हैं। दूसरी ओर, ई-चालान के बढ़ते प्रचलन का फायदा साइबर ठग भी उठाने लगे हैं। ठग वाहन मालिकों को व्हाट्सएप और मोबाइल मैसेज के माध्यम से फर्जी चालान भुगतान लिंक तथा एपीके फाइल भेजकर अपने जाल में फंसा रहे हैं। ऐसे संदिग्ध लिंक खोलने या अनजान फाइल डाउनलोड करने से वाहन मालिक साइबर ठगी का शिकार हो सकते हैं।

यातायात पुलिस ने लोगों को केवल निर्धारित आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ही चालान की राशि जमा करने की सलाह दी है। वाहन मालिकों को समय-समय पर अपने वाहन के लंबित चालान की जानकारी जांचनी चाहिए। किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक करने या बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी साझा करने से बचना चाहिए। राजधानी में करोड़ों रुपये की चालानी कार्रवाई के बीच यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाना भी जरूरी है। जुर्माना वसूलने के साथ सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना, यातायात व्यवस्था सुधारना और सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करना यातायात पुलिस का प्रमुख उद्देश्य है।

ख़बर शेयर करें:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *