डबरा। मध्य प्रदेश के डबरा में B.Sc. एग्रीकल्चर की एक छात्रा की संदिग्ध मौत के बाद परिजनों का आक्रोश फूट पड़ा। भितरवार थाना क्षेत्र के सर्वा गांव निवासी रोशनी कुशवाह ने कथित तौर पर जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली। परिजनों का आरोप है कि रिश्तेदार युवक प्रशांत कुशवाह लंबे समय से उस पर दबाव बनाकर परेशान कर रहा था और जान से मारने की धमकियां देता था। घटना से आक्रोशित परिजन गुरुवार रात करीब 10 बजे ऑटो में शव लेकर सिटी थाने पहुंच गए और सख्त कार्रवाई की मांग की।
जानकारी के अनुसार, सर्वा गांव की रोशनी कुशवाह B.Sc. एग्रीकल्चर की पढ़ाई कर रही थी। परिजनों का आरोप है कि नए गांव निवासी प्रशांत कुशवाह आए दिन उसे तंग करता था और जान से मारने की धमकी देता था। परिजनों का दावा है कि उनके पास आरोपी से जुड़ी मोबाइल चैट और फोन पर दी गई धमकियों के ऑडियो रिकॉर्डिंग भी मौजूद हैं। प्रताड़ना से तंग आकर रोशनी ने जहरीला पदार्थ खा लिया, जिसके बाद अस्पताल ले जाने पर उसकी मौत हो गई।
बेटी की मौत से व्यथित माता-पिता और भाई का सिटी थाने में रो-रोकर बुरा हाल रहा और उन्होंने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की गुहार लगाई। बताया गया है कि मृतका और आरोपी के परिवार आपस में रिश्तेदार भी हैं। पुलिस ने शून्य पर मर्ग कायम कर भितरवार थाना पुलिस को सूचित किया है और परिजनों के आरोपों, मोबाइल चैट व अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू कर दी है।







