- नए एयरपोर्ट डायरेक्टर मोहम्मद आरिफ ने पेश किया विकास का रोडमैप, रनवे क्षमता बढ़ाने से लेकर यात्री सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्था में होंगे बड़े बदलाव
रायपुर, 25 नवंबर 2026। स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट रायपुर के विस्तार और आधुनिकीकरण की दिशा में बड़ी पहल की जा रही है। एयरपोर्ट की विमान परिचालन क्षमता मौजूदा स्तर से लगभग तीन गुना बढ़ाने की तैयारी है। इसके तहत अब एक ही रनवे से प्रति घंटे 12 की जगह करीब 35 विमानों की आवाजाही संभव बनाने का लक्ष्य रखा गया है। इसके साथ ही घने कोहरे के दौरान 300 मीटर दृश्यता में भी विमानों की लैंडिंग हो सकेगी।
एयरपोर्ट के नए डायरेक्टर मोहम्मद आरिफ ने बुधवार को अपनी पहली पत्रकार वार्ता में एयरपोर्ट के विकास की चरणबद्ध कार्ययोजना की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ में हवाई यात्रियों की बढ़ती संख्या और विमान सेवाओं की मांग को देखते हुए एयरपोर्ट की परिचालन क्षमता, यात्री सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने पर काम किया जा रहा है।
प्रति घंटे 35 विमानों की आवाजाही का लक्ष्य
मोहम्मद आरिफ के अनुसार, वर्तमान में रायपुर एयरपोर्ट के एकमात्र रनवे से प्रति घंटे 12 विमानों का परिचालन संभव है। भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) की प्रस्तावित योजना के तहत पैरेलल टैक्सी ट्रैक, रैपिड एग्जिट टैक्सीवे और अतिरिक्त एप्रन विकसित किए जाएंगे। इससे विमानों को लैंडिंग के बाद रनवे खाली करने और उड़ान से पहले रनवे तक पहुंचने में कम समय लगेगा। परियोजना के पहले चरण में प्रति घंटे 24 और दूसरे चरण में लगभग 35 विमानों की आवाजाही का लक्ष्य है।
300 मीटर दृश्यता में भी उतर सकेंगे विमान
कोहरे के मौसम में विमान परिचालन को सुगम बनाने के लिए एयरपोर्ट पर कैटेगरी-2 (कैट-II) अप्रोच सिस्टम लागू करने की तैयारी अंतिम चरण में है। वर्तमान में विमानों की लैंडिंग के लिए न्यूनतम 550 मीटर दृश्यता आवश्यक है। नई तकनीकी व्यवस्था लागू होने के बाद 300 मीटर दृश्यता में भी विमानों की लैंडिंग संभव हो सकेगी। इसके लिए जरूरी तकनीकी और परिचालन संबंधी तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं।
सिटी साइड की सुरक्षा भी संभालेगी सीआईएसएफ
एयरपोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए सिटी साइड में भी सीआईएसएफ की तैनाती की योजना है। इसके लिए काउंटर टेररिज्म कंटिंजेंसी प्लान (सीटीसीपी) को नागरिक उड्डयन सुरक्षा ब्यूरो (बीसीएएस) की मंजूरी मिलना बाकी है। अनुमति मिलने के बाद एयरपोर्ट प्राधिकरण के अधिकार क्षेत्र वाले बाहरी परिसर में भी सीआईएसएफ सुरक्षा संबंधी जिम्मेदारियां संभालेगी। इससे वाहन चालकों के बीच होने वाले विवाद और अन्य सुरक्षा संबंधी घटनाओं पर नियंत्रण में मदद मिलेगी।
27 लाख से अधिक यात्रियों ने किया सफर
रायपुर एयरपोर्ट से प्रतिदिन करीब 8 हजार से 9,500 यात्री आवाजाही करते हैं। यहां रोजाना 60 से 68 विमानों का परिचालन होता है। वित्तीय वर्ष 2024-25 में लगभग 25 लाख यात्रियों ने सफर किया था, जबकि 2025-26 में यह संख्या बढ़कर 27 लाख से अधिक हो गई। वर्तमान में टर्मिनल की वार्षिक यात्री क्षमता 32 लाख है, जो आगामी दो से तीन वर्षों की संभावित मांग को पूरा करने में सक्षम होगी।
चेक-इन काउंटर और एयरोब्रिज की सुविधाओं में विस्तार
यात्रियों की सुविधा के लिए एयरपोर्ट पर डिजीयात्रा सेवा, 15 चेक-इन काउंटर और चौथी एक्स-रे बैगेज स्क्रीनिंग मशीन उपलब्ध कराई गई है। चौथे एयरोब्रिज को भी जल्द शुरू किया जाएगा। इसके अलावा विमानों की पार्किंग के लिए निर्धारित स्टैंड की संख्या नौ से बढ़ाकर 13 कर दी गई है।
टर्मिनल के सामने बढ़ेंगी सड़क की लेन
एयरपोर्ट के टर्मिनल के सामने यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए सात-सात मीटर चौड़ी दो अतिरिक्त लेन विकसित की जा रही हैं। निकासी मार्ग पर भी लेन की संख्या दो से बढ़ाकर चार की जाएगी। यात्रियों को धूप और बारिश से बचाने के लिए 110 मीटर लंबा और 21 मीटर चौड़ा कैनोपी बनाया जाएगा। लेन का काम जनवरी 2027 और कैनोपी निर्माण मार्च-अप्रैल 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य है। इसके साथ ही टर्मिनल के शौचालयों का चरणबद्ध आधुनिकीकरण किया जा रहा है।
वीआईपी वाहनों को लेकर अधिकारियों से अपील
एयरपोर्ट डायरेक्टर मोहम्मद आरिफ ने राज्य और जिला प्रशासन के साथ पुलिस अधिकारियों से वीआईपी आगमन के दौरान सरकारी वाहनों को टर्मिनल के सामने लंबे समय तक खड़ा नहीं करने की अपील की। उन्होंने प्रोटोकॉल अधिकारियों को निर्धारित पार्किंग का उपयोग करने और अतिथियों के आगमन से पांच से दस मिनट पहले ही वाहन टर्मिनल के सामने लाने की सलाह दी, ताकि आम यात्रियों को परेशानी का सामना न करना पड़े।






