Home / Chhattisgarh / ऑपरेशन निश्चय का बड़ा असर: धमतरी में अवैध शराब के खिलाफ एक दिन में 5 बड़ी कार्रवाई, 5 आरोपी गिरफ्तार

ऑपरेशन निश्चय का बड़ा असर: धमतरी में अवैध शराब के खिलाफ एक दिन में 5 बड़ी कार्रवाई, 5 आरोपी गिरफ्तार

धमतरी। जिले में अवैध शराब के कारोबार और नशीले पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन निश्चय के तहत धमतरी पुलिस ने एक ही दिन में बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने भखारा, बिरेझर, मगरलोड और सिहावा थाना क्षेत्र में अवैध शराब की बिक्री और परिवहन के खिलाफ पांच अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से देशी शराब, कच्ची महुआ शराब, बिक्री की रकम और शराब परिवहन में इस्तेमाल की जा रही मोटरसाइकिल समेत कुल 46,450 रुपये की मशरूका जब्त की है।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक धमतरी भावना पांडेय के निर्देशन में अवैध शराब और अन्य असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए की गई। पुलिस टीमों ने अलग-अलग थाना और चौकी क्षेत्रों में लगातार निगरानी, गश्त और सूचना तंत्र को सक्रिय रखा था। इसी दौरान मिली सूचनाओं के आधार पर पुलिस ने संबंधित स्थानों पर दबिश देकर अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त आरोपियों को पकड़ा।

भखारा थाना क्षेत्र में पुलिस ने रामपुर निवासी 35 वर्षीय लक्ष्मी प्रसाद रात्रे के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत कार्रवाई की। पुलिस ने उसके कब्जे से 40 पौवा देशी प्लेन शराब बरामद की, जिसकी कीमत करीब 3,200 रुपये बताई गई है। इसके अलावा शराब बिक्री से प्राप्त 8,100 रुपये नकद और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही करीब 30,000 रुपये कीमत की मोटरसाइकिल भी जब्त की गई। इस मामले में कुल 41,300 रुपये की मशरूका बरामद हुई है।

इसी तरह चौकी बिरेझर क्षेत्र में अंवरी निवासी 63 वर्षीय नारायण बंजारे को अवैध शराब बिक्री के मामले में पकड़ा गया। पुलिस ने उसके कब्जे से 12 पौवा देशी मसाला शराब बरामद की, जिसकी कीमत करीब 1,200 रुपये है। इसके साथ ही शराब बिक्री से प्राप्त 150 रुपये नकद भी जब्त किए गए। आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(1)ख के तहत मामला दर्ज किया गया है। इस प्रकरण में कुल 1,350 रुपये की मशरूका जब्त की गई।

मगरलोड थाना क्षेत्र में भी पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए मेघा टीकरापारा निवासी 38 वर्षीय मुकेश साहू को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 13 पौवा देशी शराब बरामद हुई, जिसकी कीमत करीब 1,100 रुपये बताई गई है। पुलिस ने शराब बिक्री की रकम 700 रुपये भी जब्त की। आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(1)ख के तहत कार्रवाई की गई और कुल 1,800 रुपये की मशरूका जब्त की गई।

सिहावा थाना क्षेत्र में पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई की। पहले मामले में बिरगुड़ी हर्रा पारा निवासी भंगतीन बाई मरकाम को अवैध कच्ची महुआ शराब रखने और बेचने के आरोप में गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने उसके कब्जे से चार लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद की, जिसकी कीमत करीब 800 रुपये है। इसके साथ ही 200 रुपये बिक्री रकम भी जब्त की गई। आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(ए) के तहत कार्रवाई की गई।

सिहावा थाना क्षेत्र के दूसरे मामले में कमारपारा आमगांव निवासी रवि यादव को गिरफ्तार किया गया। उसके पास से 3.5 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद हुई, जिसकी कीमत करीब 700 रुपये बताई गई है। पुलिस ने शराब बिक्री से प्राप्त 300 रुपये भी जब्त किए। इस मामले में भी आबकारी एक्ट की धारा 34(ए) के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है।

धमतरी पुलिस के मुताबिक, ऑपरेशन निश्चय के तहत जिले में अवैध शराब, मादक पदार्थों की तस्करी और अन्य असामाजिक गतिविधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस द्वारा ऐसे लोगों की गतिविधियों पर निगरानी रखने के साथ-साथ मुखबिर तंत्र को भी सक्रिय किया गया है, ताकि अवैध कारोबार से जुड़े लोगों के खिलाफ समय पर कार्रवाई की जा सके।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब का कारोबार करने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। कानून-व्यवस्था और आम नागरिकों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वाली किसी भी अवैध गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस की लगातार कार्रवाई से अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त लोगों में हड़कंप की स्थिति है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *