सारंगढ़-बिलाईगढ़, 13 सितम्बर 2026। जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सारंगढ़-बिलाईगढ़ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। ए.एन.टी.एफ. (ANTF) और थाना सरिया पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए 10.761 किलोग्राम गांजा के साथ तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से गांजा, टोयोटा कार और दो मोबाइल फोन समेत कुल ₹8,26,500 की संपत्ति जब्त की गई है। पुलिस के अनुसार आरोपी ओडिशा से गांजा लेकर छत्तीसगढ़ के रास्ते उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जा रहे थे।
पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा (भा.पु.से.), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरेन्द्र पटेल एवं उप पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) संतोषी ग्रेस के मार्गदर्शन में 12 सितंबर 2026 को ए.एन.टी.एफ. और थाना सरिया पुलिस को गांजा तस्करी की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने थाना सरिया के सामने मेन रोड पर घेराबंदी कर ग्रे रंग की टोयोटा कार क्रमांक OD 05 N 6165 को रोका।
कार में सवार तीन संदिग्धों से पूछताछ और तलाशी लेने पर उनकी पहचान श्याम बाबू चौधरी (28), विक्की सहनी (29) और जितेन्द्र चौधरी (32) के रूप में हुई। तीनों आरोपी थाना/जिला बरगढ़, ओडिशा के निवासी हैं। पुलिस ने कार की तलाशी ली तो बोनट के अंदर छिपाकर रखे गए 10 पैकेट बरामद हुए। इन पैकेटों में कुल 10.761 किलोग्राम अवैध गांजा पाया गया।
पुलिस ने गांजा के अलावा तस्करी में इस्तेमाल की जा रही टोयोटा कार और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। जब्त संपत्ति की कुल कीमत ₹8,26,500 बताई गई है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों द्वारा ओडिशा से गांजा लेकर छत्तीसगढ़ के रास्ते प्रयागराज पहुंचाने की बात सामने आई है।
पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर उन्हें विधिवत गिरफ्तार किया। कार्रवाई के बाद आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। पुलिस की इस कार्रवाई को जिले में मादक पदार्थों की अवैध तस्करी पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।







