किसी ने 13 हजार खिलाड़ियों के बीच अपनी गेंदबाजी की रफ्तार से पहचान बनाई, तो किसी ने बचपन में कपड़े धोने वाली लकड़ी की थापी को बल्ला बनाकर क्रिकेट खेलना शुरू किया। अब छत्तीसगढ़ की ये दोनों बेटियां भारतीय महिला अंडर-19 टीम की जर्सी पहनेंगी।
पलक सिंह और महक नरवसे का इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैचों की टी-20 सीरीज के लिए भारतीय टीम में चयन हुआ है। सीरीज 26 नवंबर से 6 दिसंबर तक वडोदरा और सूरत में खेली जाएगी। जनवरी 2027 में होने वाले अंडर-19 टी-20 विश्व कप की तैयारियों के लिहाज से यह सीरीज अहम है।
क्वीन टैलेंट हंट प्रतियोगिता में पलक ने दिखाई 106 की रफ्तार
15 वर्षीय मध्यम तेज गेंदबाज पलक सिंह ने डब्ल्यूपीएल की स्पीड क्वीन टैलेंट हंट प्रतियोगिता में अपनी रफ्तार से पहचान बनाई। देशभर के 13 हजार से ज्यादा प्रतिभागियों के बीच जोनल ट्रायल में उन्होंने 108 किमी प्रति घंटे और मुंबई में हुए फाइनल में 106 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से गेंद फेंककर गोल्ड मेडल जीता।
इसके बाद उन्हें बेंगलुरु स्थित बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में विशेष प्रशिक्षण का मौका मिला। पलक ने घरेलू सीजन में आठ मैचों में पांच विकेट लिए। उनके प्रदर्शन के आधार पर उन्हें WPL 2027 की नीलामी सूची में 10 लाख रुपए बेस प्राइस के साथ जगह मिली है।
थापी से शुरू हुआ सफर, अब दूसरी बार भारतीय टीम में मौका

राजनांदगांव की महक नरवसे की क्रिकेट यात्रा भी दिलचस्प है। उन्होंने बचपन में कपड़े धोने वाली लकड़ी की थापी से प्लास्टिक बॉल खेलकर क्रिकेट की शुरुआत की थी। पिता के मुताबिक, शुरुआती दिनों में कोच मनोज तिवारी के मार्गदर्शन में उन्होंने लड़कों के साथ अभ्यास किया।
जून 2026 में श्रीलंका दौरे पर भारतीय अंडर-19 टीम की उपकप्तान रह चुकीं महक को अब फिर राष्ट्रीय टीम में मौका मिला है। महक ने 2025-26 के सीनियर महिला वनडे टूर्नामेंट में नौ मैचों में 212 रन बनाने के साथ 20 विकेट लिए। महिला अंडर-19 वनडे में चार मैचों में 67 रन और आठ विकेट उनके नाम रहे। वहीं अंडर-23 टी-20 में भी ऑलराउंड प्रदर्शन किया।






