Home / Chhattisgarh / कोरबा में पेट्रोल पंप के पास लूटपाट और मारपीट, तीन आरोपी गिरफ्तार; मोबाइल, नगदी और चोरी की बाइक बरामद

कोरबा में पेट्रोल पंप के पास लूटपाट और मारपीट, तीन आरोपी गिरफ्तार; मोबाइल, नगदी और चोरी की बाइक बरामद

ख़बर शेयर करें:

कोरबा, 20 नवंबर 2026। जिले के राताखार बाईपास रोड स्थित पेट्रोल पंप के पास मारपीट कर मोबाइल और नगदी लूटने वाले तीन आरोपियों को कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया मोबाइल, नगदी रकम और वारदात में इस्तेमाल किया गया चोरी का दोपहिया वाहन बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

कोतवाली टीआई प्रेमचंद साहू के अनुसार, घटना 18 नवंबर 2026 की रात करीब 11 बजे की है। रामसागरपारा निवासी प्रार्थी राताखार बाईपास रोड स्थित पेट्रोल पंप के पास था। इसी दौरान आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की और मोबाइल व नगदी रकम लूटकर फरार हो गए। घटना के बाद प्रार्थी ने थाना कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई।

मामले में कोतवाली पुलिस ने अपराध क्रमांक 937/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 309(4), 115(2) एवं 351(3) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की। SP के निर्देशन में आरोपियों की तलाश के लिए कार्रवाई की गई। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने तीनों संदिग्ध आरोपियों को पकड़ लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान लखन राजपूत (23 वर्ष), निवासी रामसागरपारा, कोरबा, रवि निषाद उर्फ दादू (22 वर्ष) और कमल निषाद उर्फ टेंगना, दोनों निवासी राताखार बाईपास रोड, कोरबा के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटे गए सामान के साथ वारदात में प्रयुक्त चोरी का दोपहिया वाहन भी बरामद किया है।

पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

कोरबा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की आपराधिक या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल नजदीकी थाना, चौकी अथवा डायल-112 पर दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

ख़बर शेयर करें:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *