भिलाई, 20 नवंबर । दिल्ली में रहकर एलएलबी अंतिम वर्ष की पढ़ाई कर रही छात्रा टी. त्रिशा (23) की आत्महत्या के मामले में शुक्रवार को पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजन को सौंप दिया गया। परिजन ने रिसाली मुक्तिधाम में अंतिम संस्कार किया। पुलिस ने मौके से एक पन्ने का सुसाइड नोट जब्त किया है, जिसमें छात्रा ने एक युवक से प्रेम संबंध टूटने से आहत होकर यह कदम उठाने की बात लिखी है। साथ ही उसने अपने मोबाइल और गूगल-पे के पासवर्ड भी दर्ज किए हैं।
नेवई थाना टीआई अनिल साहू ने बताया कि रिसाली लक्ष्मी नगर फेज-1 निवासी डिलेश्वर राव की पुत्री टी. त्रिशा दिल्ली के एक कॉलेज से एलएलबी फाइनल ईयर की पढ़ाई कर रही थी। वह दिवाली की छुट्टियों में घर आई थी। परिवार में माता-पिता के अलावा दो बहनें और एक भाई हैं। बुधवार रात सभी ने साथ भोजन किया, जिसके बाद रात करीब 12 बजे त्रिशा अपने कमरे में सोने चली गई।
सीलिंग फैन से फंदे पर लटकी दिखाई दी
गुरुवार सुबह करीब 5:30 बजे जब परिजन ने दरवाजा खटखटाया, तो अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। खिडक़ी से झांकने पर वह सीलिंग फैन से फंदे पर लटकी दिखाई दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोडक़र शव को नीचे उतारा और मर्ग कायम कर जांच शुरू की। बेटी के इस आत्मघाती कदम से पूरा परिवार सदमे में है।
फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
टीआई ने बताया कि घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम ने भी जांच कर साक्ष्य जुटाए। तलाशी के दौरान छात्रा की कमीज से दोनों तरफ लिखा एक पन्ने का सुसाइड नोट बरामद हुआ। इसमें उसने माता-पिता और भाई-बहनों के प्रति स्नेह जताते हुए लिखा कि उसने परिवार से एक बात छिपाई थी। वह अनुज नामक युवक को पसंद करती थी, लेकिन युवक ने अचानक उससे बातचीत बंद कर दी और चेहरा तक देखने से इनकार कर दिया, जिससे आहत होकर वह यह कदम उठा रही है। सुसाइड नोट के अंत में उसने अपने मोबाइल और गूगल-पे का पासवर्ड भी लिखा है।







