धमतरी। जिले में आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने चलाए जा रहे अभियान के तहत रुद्री पुलिस ने हथियार दिखाकर लूटपाट करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने लूट की वारदात में शामिल चार आरोपियों तक पहुंच बनाई है। इनमें दो बालिग आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है, जबकि दो विधि से संघर्षरत बालकों को नियमानुसार संरक्षण में लिया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई नकदी, मोबाइल फोन, चाकू और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल व स्कूटी भी बरामद की है।
मामला रुद्री थाना क्षेत्र के मानव वन मोड़ के पास का है। पुलिस के अनुसार ग्राम खिरकीटोला निवासी 27 वर्षीय ढालसिंग नेताम ने थाना रुद्री में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 7 सितंबर 2026 की शाम करीब 6:45 बजे वह मानव वन के आगे तालाब मोड़ के पास से गुजर रहा था। इसी दौरान दो मोटरसाइकिलों में सवार कुछ युवकों ने उसका रास्ता रोक लिया। आरोपियों ने धारदार हथियार दिखाकर उसे जान से मारने की धमकी दी और उसकी जेब में रखे 6 हजार रुपये नकद तथा VIVO कंपनी का मोबाइल फोन लूटकर मौके से फरार हो गए। लूटे गए सामान की कुल कीमत करीब 16 हजार रुपये बताई गई।
घटना की रिपोर्ट के बाद रुद्री थाना पुलिस ने धारा 309(6), 351(2) BNS के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक धमतरी के निर्देश और राजपत्रित अधिकारियों के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने घटनास्थल से मिले साक्ष्यों का बारीकी से विश्लेषण किया। साथ ही मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर संदिग्धों की जानकारी जुटाई गई।
जांच के दौरान पुलिस ने संदेह के आधार पर कुछ व्यक्तियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपियों ने लूट की वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। इसके बाद कार्यपालिक दंडाधिकारी एवं तहसीलदार के समक्ष नियमानुसार शिनाख्तगी की कार्रवाई कराई गई। उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने मामले में शामिल चार आरोपियों तक पहुंच बनाई।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई 6 हजार रुपये की नकदी, VIVO मोबाइल फोन, वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और स्कूटी बरामद की है। हथियार के इस्तेमाल और विवेचना के दौरान सामने आए साक्ष्यों के आधार पर प्रकरण में धारा 310(2), 311 BNS के साथ 25 और 27 आर्म्स एक्ट की धाराएं भी जोड़ी गई हैं।
गिरफ्तार किए गए बालिग आरोपियों की पहचान निशांत उर्फ दीपू ध्रुव (23), पिता राजकुमार ध्रुव, निवासी दानीटोला साहुपारा, थाना सिटी कोतवाली, धमतरी और भरत यादव (22), पिता राधेश्याम यादव, निवासी दानीटोला महिमासागर वार्ड, थाना सिटी कोतवाली, धमतरी के रूप में हुई है।
मामले में शामिल दो विधि से संघर्षरत बालकों को भी पुलिस ने नियमानुसार संरक्षण में लिया है। उनके संबंध में आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया पूरी कर किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किए जाने की कार्रवाई की जा रही है। वहीं, दोनों बालिग आरोपियों को पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
धमतरी पुलिस के अनुसार जिले में लूट, डकैती, हथियारबाजी और अन्य आपराधिक गतिविधियों में शामिल आरोपियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तत्काल नजदीकी थाना अथवा पुलिस को दें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अपराध और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।







