Home / Chhattisgarh / धमतरी में बिना नंबर की ‘रॉकेट’ बाइक पर घूम रहे दो युवक गिरफ्तार, पुलिस ने की प्रतिबंधात्मक कार्रवाई

धमतरी में बिना नंबर की ‘रॉकेट’ बाइक पर घूम रहे दो युवक गिरफ्तार, पुलिस ने की प्रतिबंधात्मक कार्रवाई

ख़बर शेयर करें:

धमतरी, 16 नवंबर 2026। जिले के कुरूद थाना क्षेत्र में बिना नंबर की बाइक पर तेज रफ्तार से घूमकर आम लोगों में भय का माहौल पैदा करने वाले दो युवकों के खिलाफ धमतरी पुलिस ने प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है। पुलिस ने दोनों युवकों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।

मिली जानकारी के अनुसार, कुरूद क्षेत्र में पिछले कई दिनों से एक बिना नंबर की बाइक पर सवार दो युवक तेज रफ्तार से घूम रहे थे। बाइक पर ‘रॉकेट’ लिखा हुआ था। युवकों की संदिग्ध गतिविधियों के कारण क्षेत्र के लोगों में भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ था। पुलिस को आशंका थी कि उनके द्वारा छेड़छाड़, मारपीट और लूटपाट जैसी घटनाओं को अंजाम दिया जा सकता है।

मामले की सूचना मिलते ही थाना कुरूद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों युवकों को पकड़ लिया। उनके विरुद्ध भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 126 एवं 135(3) के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई। इसके बाद दोनों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।

गिरफ्तार युवकों की पहचान मंगल सोनवानी (21 वर्ष), निवासी भरदा चौक कुरूद और पुष्पेंद्र चांदी (19 वर्ष), निवासी पैरसट्ठी, करेली बड़ी, थाना मगरलोड के रूप में हुई है।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देशन में की गई। धमतरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में शांति एवं कानून व्यवस्था प्रभावित करने वाले असामाजिक तत्वों पर लगातार नजर रखी जा रही है।

पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि क्षेत्र में किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि या असामाजिक तत्वों की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

ख़बर शेयर करें:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *