Home / National / Namo Bharat Train: दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ के बीच सफर होगा तेज, 16 नवंबर से शुरू होंगी 8 नई लिमिटेड-स्टॉप ट्रेनें

Namo Bharat Train: दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ के बीच सफर होगा तेज, 16 नवंबर से शुरू होंगी 8 नई लिमिटेड-स्टॉप ट्रेनें

ख़बर शेयर करें:

नई दिल्ली। दिल्ली, गाजियाबाद और मेरठ के बीच रोजाना सफर करने वाले यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। नमो भारत ट्रेन से यात्रा करने वालों का सफर अब पहले से ज्यादा तेज और सुविधाजनक होने जा रहा है। नेशनल कैपिटल रीजन ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन (NCRTC) 16 नवंबर 2026 से दिल्ली-मेरठ कॉरिडोर पर आठ नई लिमिटेड-स्टॉप ट्रेन सेवाएं शुरू करने जा रहा है। इन ट्रेनों का ठहराव केवल पांच प्रमुख स्टेशनों पर होगा। इससे सराय काले खां से मोदीपुरम तक 82 किलोमीटर की दूरी 50 मिनट से भी कम समय में तय की जा सकेगी।

इन पांच स्टेशनों पर रुकेंगी ट्रेनें

NCRTC की नई लिमिटेड-स्टॉप ट्रेनें सराय काले खां से मोदीपुरम के बीच संचालित होंगी। इनका ठहराव सराय काले खां, आनंद विहार, गाजियाबाद, बेगमपुल और मोदीपुरम स्टेशनों पर होगा। इससे प्रमुख शहरों और व्यस्त रूटों के बीच यात्रा का समय कम होगा।

नई सेवाओं के तहत आनंद विहार से गाजियाबाद का सफर करीब 8 मिनट में पूरा होगा। वहीं आनंद विहार से बेगमपुल पहुंचने में लगभग 36 मिनट और गाजियाबाद से बेगमपुल तक पहुंचने में करीब 28 मिनट लगेंगे।

सुबह और शाम पीक आवर्स में मिलेंगी आठ ट्रेनें

NCRTC के अनुसार, नई लिमिटेड-स्टॉप ट्रेन सेवाएं यात्रियों की अधिक आवाजाही वाले समय में उपलब्ध रहेंगी। सुबह सराय काले खां और मोदीपुरम दोनों टर्मिनल से 8 बजे और 8:30 बजे ट्रेनें चलेंगी। वहीं शाम को दोनों टर्मिनल से 6 बजे और 6:30 बजे इनका संचालन होगा।

ये नई ट्रेनें मौजूदा सेवाओं के साथ संचालित होंगी। नियमित नमो भारत ट्रेनें पहले की तरह 10 मिनट के अंतराल पर सभी चालू स्टेशनों पर रुकती रहेंगी। यात्रियों को सलाह दी गई है कि ट्रेन में सवार होने से पहले प्लेटफॉर्म पर लगे डिस्प्ले बोर्ड और उद्घोषणाओं को जरूर देखें, ताकि नियमित और लिमिटेड-स्टॉप ट्रेनों के बीच भ्रम की स्थिति न बने।

रोजाना 1.1 लाख यात्री करते हैं सफर

दिल्ली-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर पर प्रतिदिन करीब 1.1 लाख यात्री सफर करते हैं। इस नेटवर्क पर अब तक 5 करोड़ से अधिक यात्राएं दर्ज की जा चुकी हैं। यात्रियों की बढ़ती संख्या और तेज आवागमन की मांग को देखते हुए NCRTC ने आठ नई लिमिटेड-स्टॉप सेवाएं शुरू करने का फैसला लिया है।

नई सेवाओं से दिल्ली, गाजियाबाद और मेरठ के बीच नौकरीपेशा लोगों, छात्रों और रोजाना यात्रा करने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। इससे न केवल यात्रा का समय बचेगा, बल्कि पीक आवर्स में आवागमन भी अधिक सुविधाजनक होगा।

ख़बर शेयर करें:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *