Home / Chhattisgarh / बेमेतरा में जिंदा बुजुर्ग महिला को सरकारी रिकॉर्ड में बताया मृत, राशन-पेंशन बंद होने से परिवार परेशान

बेमेतरा में जिंदा बुजुर्ग महिला को सरकारी रिकॉर्ड में बताया मृत, राशन-पेंशन बंद होने से परिवार परेशान

ख़बर शेयर करें:

0 पूर्व विधायक गुरुदयाल सिंह बंजारे पहुंचे बदनारा, 90 वर्षीय खोरबहरीन बाई मानिकपुरी से की मुलाकात; प्रशासन से राशन-पेंशन बहाल करने और दोषियों पर कार्रवाई की मांग

बेमेतरा, 15 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले में सरकारी सिस्टम की गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है। नवागढ़ विकासखंड के ग्राम बदनारा निवासी 90 वर्षीय खोरबहरीन बाई मानिकपुरी को सरकारी रिकॉर्ड में मृत घोषित कर दिया गया है, जबकि वह जीवित हैं। रिकॉर्ड में मृत दर्ज होते ही उनका राशन कार्ड, वृद्धावस्था पेंशन सहित अन्य सरकारी सुविधाएं बंद कर दी गईं। इससे बुजुर्ग महिला और उनका परिवार परेशानियों का सामना कर रहा है।

परिजनों के अनुसार, बुजुर्ग महिला के लिए सरकारी राशन और वृद्धावस्था पेंशन ही जीवनयापन का प्रमुख सहारा था। इसी से घर का खर्च और दवाइयों की जरूरतें पूरी होती थीं। अचानक सरकारी सुविधाएं बंद होने से परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। परिजनों का कहना है कि वे इस समस्या के समाधान के लिए कई दिनों से सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।

पूर्व विधायक गुरुदयाल सिंह बंजारे ने की मुलाकात

मामले की जानकारी मिलने पर पूर्व विधायक गुरुदयाल सिंह बंजारे ग्राम बदनारा पहुंचे। उन्होंने 90 वर्षीय खोरबहरीन बाई मानिकपुरी से मुलाकात कर उनका हाल जाना और परिजनों से पूरे मामले की जानकारी ली। पूर्व विधायक ने कहा कि किसी जीवित व्यक्ति को सरकारी दस्तावेजों में मृत घोषित कर देना बेहद गंभीर लापरवाही है। यह महज कागजी गलती नहीं, बल्कि एक बुजुर्ग महिला के साथ अन्याय है।

उन्होंने प्रशासन से मांग की कि मामले की तत्काल जांच कर महिला का नाम सरकारी रिकॉर्ड में पुनः दर्ज किया जाए। साथ ही उनका राशन कार्ड, पेंशन और अन्य सभी सरकारी सुविधाएं तत्काल बहाल की जाएं। जिन महीनों का राशन और पेंशन नहीं मिला है, उसका बकाया लाभ भी दिलाया जाए। इस लापरवाही के लिए जिम्मेदार कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।

ग्रामीणों ने भी की कार्रवाई की मांग

इस घटना को लेकर ग्रामवासियों में भी नाराजगी है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि एक 90 वर्षीय जीवित महिला को सरकारी रिकॉर्ड में मृत घोषित कर सरकारी योजनाओं से वंचित किया जा सकता है, तो भविष्य में किसी अन्य व्यक्ति के साथ भी ऐसा हो सकता है। उन्होंने प्रशासन से जल्द समस्या का समाधान करने और सरकारी रिकॉर्ड दुरुस्त करने की मांग की है।

फिलहाल ग्राम बदनारा के लोगों की नजर प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी है। अब देखना होगा कि खोरबहरीन बाई को सरकारी रिकॉर्ड में दोबारा जीवित दर्ज कर उनकी राशन-पेंशन सहित अन्य सुविधाएं कब तक बहाल की जाती हैं।

ख़बर शेयर करें:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *