Home / Chhattisgarh / महिला मित्र से मिलने गया था कारोबारी का बेटा, छठवीं मंजिल की बालकनी से गिरकर मौत; हत्या का आरोप

महिला मित्र से मिलने गया था कारोबारी का बेटा, छठवीं मंजिल की बालकनी से गिरकर मौत; हत्या का आरोप

ख़बर शेयर करें:

कानपुर। बिठूर के रुद्रा ग्रींस अपार्टमेंट की छठवीं मंजिल से शनिवार दोपहर कागज कारोबारी का 22 वर्षीय इकलौते बेटे की संदिग्ध परिस्थितियों में गिरकर मौत हो गई। वह मुंबई से नाना के घर आई अपनी महिला मित्र से मिलने पहुंचा था। पुलिस और फोरेंसिक टीम ने जांच पड़ताल की। मामले में पुलिस और युवती के मामा घटना को हादसा बता रहे हैं।

पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल ने बताया कि दिवंगत युवक के स्वजन ने युवती पर आरोप लगाया है। युवती और उसके स्वजन को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। तहरीर मिलने पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।

बिठूर के रुद्रा ग्रींस अपार्टमेंट की टावर-2 की छठवीं मंजिल के फ्लैट में मेटल फैक्ट्री के संचालक पत्नी, बेटे, तलाकशुदा बेटी, 20 वर्षीय नातिन व नौ वर्षीय नाती के साथ रहते हैं। फैक्ट्री संचालक के बेटे ने बताया कि भांजी मुंबई में बीबीए की पढ़ाई कर रही है और त्योहारों पर घर आती है। उसकी करीब दो साल से दोस्ती कौशलपुरी निवासी कागज कारोबारी विशाल खंडेलवाल के इकलौते बेटे 22 वर्षीय संभव खंडेलवाल से थी।

दीपावली पर भांजी घर आई थी। इसकी जानकारी संभव को होने पर वह तब से कई बार घर आ चुका है। शनिवार दोपहर भी संभव घर आया था। संभव भांजी को काफी पिलाने ले जा रहा था। इसके लिए भांजी तैयार हो रही थी। इसी दौरान संभव भांजे के साथ बालकनी में खेलने लगा, तभी वहां रखे दीये पर संभव का पैर पड़ा और वह फिसलकर बालकनी की करीब ढाई फीट ऊंची रेलिंग से नीचे गिर गया।

भांजे की चीख सुनकर वह भागकर वहां पहुंचे तो संभव नीचे पड़ा था। वह नीचे पहुंचे और लोगों की मदद से बिठूर स्थित पारस अस्पताल ले गए, जहां डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही बिठूर थाना पुलिस ने पहले अस्पताल में स्वजन से पूछताछ की। इसके बाद घटनास्थल पर पहुंचे। यहां फोरेंसिक टीम ने फ्लैट के अंदर और जिस जगह संभव गिरे थे। वहां जांच कर साक्ष्य जुटाए।

फोरेंसिक टीम के अनुसार, संभव का शरीर भारी होने की वजह से खून नहीं निकला, जबकि पसली और सिर के दोनों तरफ चोटें आई हैं। बाकी उनकी जांच में ये हादसा लग रहा है, लेेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर ही मौत की सही वजह स्पष्ट हो सकेगी।

एसीपी कल्याणपुर दिलीप सिंह ने बताया कि प्राथमिक जांच में हादसा ही लग रहा है। छठवीं मंजिल से गिरने की फुटेज तो नहीं मिल सकती है, लेकिन जहां वह गिरा है। उसकी जांच के लिए अपार्टमेंट के भूतल पर लगे कैमरे जांचे जाएंगे।

चार दिन पहले ही कारोबारी के कर्मचारी ने 20 लाख रुपये लूटने का किया था प्रयास

कागज कारोबारी विशाल खंडेलवाल के कर्मचारी वीरभान सिंह ने ममेरे भाई के साथ मिलकर उनके 20 लाख रुपये लूटने का प्रयास किया था। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार भी किया था। उस घटना में कारोबारी चर्चा में आए थे।

ख़बर शेयर करें:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *