रायगढ़, 12 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। ऑपरेशन आघात के तहत कोतरारोड़ पुलिस ने ग्राम कलमी में छापेमारी कर 105 लीटर अवैध महुआ शराब जब्त की है। पुलिस ने शराब बेचने की तैयारी कर रहे 29 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, एसएसपी शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन में जिले में अवैध शराब के निर्माण और बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान 11 नवंबर को कोतरारोड़ पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम कलमी निवासी सुशांतो डहरिया अपने घर के पीछे बाड़ी में बड़ी मात्रा में हाथ भट्ठी से निर्मित महुआ शराब छिपाकर बिक्री के लिए रखा है।
सूचना मिलते ही TI निरीक्षक शील कुमार आदित्य के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और छापेमारी की। इस दौरान पुलिस को देखकर एक व्यक्ति छिपने का प्रयास करने लगा, जिसे टीम ने पकड़ लिया। पूछताछ में उसकी पहचान सुशांतो डहरिया (29 वर्ष), पिता भगवानों डहरिया, निवासी ग्राम कलमी के रूप में हुई।
पुलिस ने आरोपी के घर के पीछे बाड़ी में रखे 15-15 लीटर क्षमता वाले सात प्लास्टिक डिब्बों की जांच की, जिसमें कुल 105 लीटर महुआ शराब मिली। जब्त शराब की कीमत 10,500 रुपये आंकी गई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना कोतरारोड़ में धारा 34(2), 59(क) आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया और न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।
इस कार्रवाई में TI निरीक्षक शील कुमार आदित्य के नेतृत्व में प्रधान आरक्षक रवि किशोर साय, आरक्षक बंशी रात्रे, मनोज कुमार यादव और महिला आरक्षक कस्तुरी राठिया की महत्वपूर्ण भूमिका रही। रायगढ़ पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के निर्माण, संग्रहण और बिक्री में शामिल लोगों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।







