बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के खेल जगत के लिए गर्व की खबर है। बिलासपुर स्थित खेलो इंडिया स्टेट सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की दो होनहार खिलाड़ी मधु सिदार और गीता यादव का चयन भारतीय जूनियर महिला हॉकी टीम में हुआ है। दोनों खिलाड़ी अब 30 अगस्त से 13 सितंबर 2026 तक चीन के मोकी में आयोजित होने वाले जूनियर महिला हॉकी एशिया कप में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी। दोनों के चयन से प्रदेश में खुशी की लहर है और इसे छत्तीसगढ़ में खेल प्रतिभाओं के बढ़ते स्तर का प्रमाण माना जा रहा है।
उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव ने दोनों खिलाड़ियों से वीडियो कॉल के माध्यम से बातचीत कर उन्हें भारतीय टीम में चयन के लिए बधाई दी। उन्होंने एशिया कप में शानदार प्रदर्शन की शुभकामनाएं देते हुए उनकी तैयारियों की जानकारी भी ली। खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सचिव यशवंत कुमार और संचालक तनुजा सलाम ने भी दोनों खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं।
मधु सिदार और गीता यादव वर्तमान में बिलासपुर स्थित खेलो इंडिया स्टेट सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में प्रदेश की पहली आवासीय खेल अकादमी में प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं। यहां वरिष्ठ प्रशिक्षक राकेश टोप्पो और मुख्य प्रशिक्षक अजीत लकड़ा के मार्गदर्शन में दोनों खिलाड़ी अपनी प्रतिभा को निखार रही हैं।
जशपुर जिले के कांसाबेल विकासखंड के छोटे से गांव पोंगरो की रहने वाली मधु सिदार किसान परिवार से आती हैं। उन्होंने अपनी मेहनत और लगन के दम पर राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई है। मधु सब-जूनियर नेशनल चैंपियनशिप 2024-25, स्कूल नेशनल 2024-25 और हरियाणा में आयोजित सब-जूनियर इंटर जोन चैंपियनशिप-2025 में हिस्सा ले चुकी हैं। वर्ष 2025 में आंध्र प्रदेश में आयोजित हॉकी इंडिया नेशनल चैंपियनशिप में उनकी टीम ने चौथा स्थान हासिल किया था। इसके अलावा मार्च-अप्रैल 2026 में छत्तीसगढ़ में आयोजित देश के पहले खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स में भी उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया। अप्रैल 2026 से वह बेंगलुरु में भारतीय जूनियर टीम के साथ विशेष प्रशिक्षण ले रही हैं।
वहीं कबीरधाम जिले के बोड़ला की गीता यादव का अंतरराष्ट्रीय सफर पहले ही शुरू हो चुका है। उन्होंने हॉकी का प्रारंभिक प्रशिक्षण कोच शिवा चौहान से लिया। वर्ष 2024 में नीदरलैंड और बेल्जियम दौरे पर भारतीय जूनियर टीम का प्रतिनिधित्व कर उन्होंने अंतरराष्ट्रीय करियर की शुरुआत की। इसके बाद वर्ष 2025 में अर्जेंटीना दौरे और वर्ष 2026 में इंग्लैंड एवं स्कॉटलैंड दौरे पर भी भारतीय टीम का हिस्सा रहीं। अब एशिया कप में भी उनसे बेहतरीन प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है।
छत्तीसगढ़ की इन दोनों खिलाड़ियों का भारतीय टीम में चयन प्रदेश के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। खेल विशेषज्ञों का मानना है कि इससे राज्य की अन्य युवा खिलाड़ियों को भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी। खेलो इंडिया स्टेट सेंटर ऑफ एक्सीलेंस और राज्य सरकार द्वारा उपलब्ध कराई जा रही आधुनिक प्रशिक्षण सुविधाओं का सकारात्मक परिणाम अब राष्ट्रीय टीम में खिलाड़ियों के चयन के रूप में सामने आने लगा है।
भारत की जूनियर महिला हॉकी टीम में मधु सिदार और गीता यादव का चयन न केवल उनके परिवार और प्रशिक्षकों के लिए गर्व का विषय है, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ के लिए सम्मान की बात है। अब प्रदेशवासियों की निगाहें चीन में होने वाले जूनियर एशिया कप पर होंगी, जहां ये दोनों खिलाड़ी भारतीय तिरंगे की शान बढ़ाने के लिए मैदान में उतरेंगी।






