Home / Chhattisgarh / रायगढ़ में दो बाइक चोर गिरोहों का पर्दाफाश, 8 आरोपी गिरफ्तार; 7 लाख की 10 मोटरसाइकिलें बरामद

रायगढ़ में दो बाइक चोर गिरोहों का पर्दाफाश, 8 आरोपी गिरफ्तार; 7 लाख की 10 मोटरसाइकिलें बरामद

ख़बर शेयर करें:
  • पूंजीपथरा और लैलूंगा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, गिरफ्तार आरोपियों में एक अपचारी बालक भी शामिल

रायगढ़, 4 नवंबर 2026। रायगढ़ जिले में वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो बाइक चोर गिरोहों का पर्दाफाश किया है। वरिष्ठ SP शशि मोहन सिंह के निर्देशन में थाना पूंजीपथरा और लैलूंगा पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाई करते हुए एक अपचारी बालक सहित कुल 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी की 10 मोटरसाइकिलें और 2 मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। बरामद वाहनों की अनुमानित कीमत करीब 7 लाख रुपये बताई गई है।

पुलिस के अनुसार, पूंजीपथरा पुलिस ने 9 मोटरसाइकिलें बरामद कर 6 आरोपियों को पकड़ा, जबकि लैलूंगा पुलिस ने चोरी की एक पल्सर बाइक के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों मामलों में आरोपियों के खिलाफ चोरी और संगठित अपराध से संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

जंगल में पत्तों से ढककर छिपाते थे चोरी की बाइक

पूंजीपथरा थाना क्षेत्र के बीएस कंपनी कॉलोनी तराईमाल निवासी मुकेश कुमार बघेल ने 2 नवंबर को अपनी बजाज पल्सर 125 मोटरसाइकिल चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। बाइक की कीमत करीब 1 लाख 75 हजार रुपये बताई गई थी। पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। इसी दौरान तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने राजू चौहान और उसके साथियों को संदेह के आधार पर हिरासत में लेकर पूछताछ की।

पूछताछ में आरोपियों ने क्षेत्र में मोटरसाइकिल और मोबाइल चोरी करने की वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपी रात के समय क्षेत्र में घूमकर बाइक चोरी करते थे और उन्हें जंगल में ले जाकर पेड़ों की पत्तियों से ढककर छिपा देते थे। आरोपियों ने तराईमाल स्थित बीएस कंपनी कॉलोनी और उर्दना क्षेत्र से कुल 9 मोटरसाइकिलें तथा 2 मोबाइल फोन चोरी करना स्वीकार किया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 6 लाख 12 हजार रुपये कीमत की 9 मोटरसाइकिलें और दो मोबाइल बरामद किए हैं। बरामद वाहनों में बजाज पल्सर, हीरो फैशन प्रो, स्कूटी, प्लेटिना, यामाहा R15, सुपर स्प्लेंडर, होंडा साइन, हीरो होंडा स्प्लेंडर NXG और टीवीएस विक्टर शामिल हैं। आरोपियों द्वारा मिलकर सुनियोजित तरीके से चोरी की वारदातों को अंजाम देने के मामले में धारा 112(2) बीएनएस भी जोड़ी गई है। गिरफ्तार आरोपियों में राजू चौहान और राजेश श्रीवास का पूर्व में भी बाइक चोरी और तांबा चोरी के मामलों में आपराधिक रिकॉर्ड सामने आया है।

चोरी की पल्सर बेचने की फिराक में थे आरोपी

दूसरी कार्रवाई में लैलूंगा पुलिस ने चोरी की पल्सर मोटरसाइकिल के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, 29 अक्टूबर को पुरुषोत्तम पैकरा निवासी ग्राम सराईटोला, जिला जशपुर ने अपनी पल्सर मोटरसाइकिल क्रमांक CG 14 MV 9707 चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। बाइक 26 अक्टूबर को ग्राम राताखण्ड के मेन रोड किनारे खड़ी की गई थी, जहां से अज्ञात व्यक्ति उसे चोरी कर ले गया था।

जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम राजपुर निवासी अनिश यादव और निलेश यादव चोरी की मोटरसाइकिल अपने पास रखकर उसे बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं। पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उन्होंने बाइक चोरी करने और बेचने की नीयत से उसके कुछ पार्ट्स में बदलाव कर मॉडिफाई करने की बात स्वीकार की। पुलिस ने उनके कब्जे से करीब 80 हजार रुपये कीमत की पल्सर मोटरसाइकिल बरामद की। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने बताया कि वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए जिले में लगातार कार्रवाई की जा रही है। पूंजीपथरा और लैलूंगा पुलिस की टीमों ने बेहतर सूचना तंत्र और आपसी समन्वय से दो बाइक चोर गिरोहों का पर्दाफाश कर 10 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। वाहन चोरी में शामिल अन्य आरोपियों की भी तलाश की जा रही है। उन्होंने नागरिकों से अपने वाहनों को सुरक्षित स्थानों पर खड़ा करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।

ख़बर शेयर करें:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *