Home / Uttar Pradesh / फर्स्ट एसी भी सुरक्षित नहीं! ट्रेन में महिला के लाखों के गहने और नकदी चोरी, अखिलेश ने पोस्ट कर उठाए सवाल

फर्स्ट एसी भी सुरक्षित नहीं! ट्रेन में महिला के लाखों के गहने और नकदी चोरी, अखिलेश ने पोस्ट कर उठाए सवाल

ख़बर शेयर करें:

आनंद विहार टर्मिनल-न्यू जलपाईगुड़ी एक्सप्रेस के फर्स्ट एसी कोच में सफर कर रही महिला ने ढाई लाख रुपये के गहने और 25 हजार रुपये नकद चोरी होने का आरोप लगाया है. घटना का वीडियो वायरल होने के बाद अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर निशाना साधा, जबकि रेलवे अधिकारियों और पुलिस के पास फिलहाल इस संबंध में शिकायत दर्ज होने की जानकारी नहीं है.

लखनऊ. आनंद विहार टर्मिनल-न्यू जलपाईगुड़ी एक्सप्रेस के फर्स्ट एसी कोच में सफर कर रही एक महिला ने करीब ढाई लाख रुपये के गहने और 25 हजार रुपये नकद चोरी होने का आरोप लगाया है. घटना से जुड़ा महिला का रोते हुए बनाया गया वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. इस मामले को लेकर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी भाजपा सरकार पर निशाना साधा है.
महिला के मुताबिक, वह ट्रेन नंबर 15726 के फर्स्ट एसी कोच के केबिन में यात्रा कर रही थी. इसी दौरान उसके कीमती गहने और नकदी चोरी हो गए. महिला ने आरोप लगाया कि घटना के बाद उसने चार बार चेन पुलिंग की, लेकिन मदद के लिए रेलवे पुलिस का कोई जवान नहीं पहुंचा.

महिला ने उठाए सुरक्षा पर सवाल
वायरल वीडियो में महिला रेलवे की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाती दिखाई दे रही है. उसका कहना है कि जब फर्स्ट एसी के केबिन में भी यात्री सुरक्षित नहीं हैं, तो ट्रेन में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर किए जाने वाले दावों का क्या मतलब है.महिला ने यह भी आरोप लगाया कि बार-बार चेन पुलिंग करने के बावजूद कोई पुलिसकर्मी उसकी मदद के लिए नहीं आया. उसके मुताबिक, इस दौरान कोई टीटीई भी केबिन में नहीं पहुंचा.वीडियो में महिला भावुक होकर कहती है कि उसका बच्चा चोरी नहीं हुआ, यही राहत की बात है. हालांकि, केबिन से लाखों रुपये के गहने और नकदी गायब होने की घटना ने उसे रेलवे में यात्रा की सुरक्षा को लेकर चिंतित कर दिया है.

रेलवे पुलिस के पास शिकायत नहीं
इस मामले में एक अहम पहलू यह है कि रेलवे पुलिस और अधिकारियों के पास फिलहाल ऐसी किसी घटना की आधिकारिक शिकायत दर्ज होने की जानकारी नहीं है. लखनऊ स्टेशन की जीआरपी में भी महिला की ओर से रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई गई है.उत्तर रेलवे के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक (सीनियर डीसीएम) के पास भी इस वायरल वीडियो से संबंधित जानकारी नहीं होने की बात सामने आई है. रेलवे अधिकारी भी फिलहाल घटना की पुष्टि नहीं कर पाए हैं. ऐसे में जांच की जा रही है कि महिला का वीडियो कब और कहां का है. यदि चोरी की घटना लखनऊ स्टेशन पर हुई थी, तो अब यह सवाल भी उठ रहा है कि महिला ने इसकी शिकायत पुलिस में क्यों दर्ज नहीं कराई.

अखिलेश यादव ने सरकार को घेरा
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने महिला का वीडियो सोशल मीडिया पर साझा करते हुए भाजपा सरकार पर निशाना साधा. उन्होंने अपनी पोस्ट में लिखा, “भाजपा ही अराजकता है. भाजपा राज में कोई अपराधी नहीं पकड़ा जाएगा, क्योंकि जो अपराधी होगा वो भाजपा में कहीं कोई पदाधिकारी होगा. नारी के आंसू भाजपा की सत्ता को बहा ले जाएंगे.” महिला के वायरल वीडियो के बाद रेलवे में यात्रियों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठ रहे हैं. हालांकि, घटना की वास्तविक जगह, समय और परिस्थितियों की आधिकारिक पुष्टि होना अभी बाकी है.

ख़बर शेयर करें:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *