Home / Chhattisgarh / निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और समय-सीमा से समझौता नहीं, लापरवाही पर होगी कार्रवाई

निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और समय-सीमा से समझौता नहीं, लापरवाही पर होगी कार्रवाई

रायपुर, 11 सितंबर 2026। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने शुक्रवार को दंतेवाड़ा में लोक निर्माण, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, नगरीय प्रशासन एवं विकास तथा खेल एवं युवा कल्याण विभाग के जिला स्तरीय अधिकारियों की बैठक लेकर विभागीय कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने चारों विभागों के स्वीकृत, निर्माणाधीन एवं प्रस्तावित कार्यों की प्रगति की विस्तार से जानकारी लेते हुए सभी कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उप मुख्यमंत्री साव ने कहा कि विकास कार्यों में गुणवत्ता और समय-सीमा से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। अधिकारियों को अपनी कार्यशैली और कार्य संस्कृति में बदलाव लाते हुए परिणाम आधारित कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों और योजनाओं के क्रियान्वयन का असर धरातल पर दिखाई देना चाहिए। बैठक में कलेक्टर देवेश ध्रुव भी उपस्थित थे।

साव ने लोक निर्माण विभाग सहित सभी निर्माण एजेंसियों को सड़कों, भवनों, पुल-पुलियों और अन्य निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूरा कराना अधिकारियों की जिम्मेदारी है। कार्यों में अनावश्यक विलंब होने पर जवाबदेही तय कर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी शासकीय कार्यालयों एवं परिसरों को स्वच्छ, व्यवस्थित और नागरिकों के अनुकूल रखने के निर्देश भी दिए।

उप मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत बनाए जा रहे आवासों के निर्माण में तेजी लाने तथा निर्माणाधीन आवासों को शीघ्र पूर्ण करने को कहा। उन्होंने जल जीवन मिशन के तहत पूर्ण हो चुकी योजनाओं को संचालन के लिए ग्राम पंचायतों को हस्तांतरित करने के निर्देश दिए। प्रगतिरत नल-जल योजनाओं को शीघ्र पूरा करने के साथ ठेकेदारों और संबंधित एजेंसियों के लंबित बिलों का भुगतान करने को भी कहा।

उन्होंने पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर जल आपूर्ति योजनाओं का प्रभावी संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साव ने बरसात समाप्त होते ही सभी निर्माण कार्यों में तेजी लाने को कहा।

उन्होंने अधिकारियों को बैठक में दिए गए निर्देशों का गंभीरता से पालन सुनिश्चित करने तथा अपने दायित्वों का पूरी गंभीरता, सक्रियता और जवाबदेही के साथ निर्वहन करने के निर्देश दिए।

बैठक में वनमंडलाधिकारी रामाकृष्ण रंगानाथा वाय. और अपर कलेक्टर राजेश पात्रे सहित लोक निर्माण, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, नगरीय प्रशासन एवं विकास तथा खेल एवं युवा कल्याण विभाग के बस्तर संभागीय कार्यालय और दंतेवाड़ा जिला कार्यालय के अधिकारी मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *