बलौदाबाजार, 31 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के वनांचल क्षेत्र में एक अज्ञात युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई है। युवक के शरीर पर धारदार हथियार से वार किए जाने के निशान मिले हैं। शव नग्न अवस्था में बरामद हुआ है, जिससे मामला संदिग्ध नजर आ रहा है। पुलिस मृतक की पहचान करने में जुटी हुई है और आम जनता से सहयोग की अपील की गई है।
जानकारी के अनुसार, 31 अक्टूबर 2026 को राजादेवरी थाना अंतर्गत पुलिस चौकी बया क्षेत्र के ग्राम मुरुमडीह और रायतुंम के बीच वनांचल मार्ग पर एक अज्ञात युवक का शव बरामद हुआ। मृतक की उम्र लगभग 20 से 25 वर्ष बताई जा रही है। शरीर पर धारदार हथियार, संभवतः चाकू से किए गए वार के निशान मिले हैं। हालांकि, युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है।
सीने पर ‘KP’ और हाथों पर बने टैटू से पहचान की कोशिश
पुलिस के अनुसार, मृतक के शरीर पर बने टैटू उसकी पहचान में महत्वपूर्ण सुराग साबित हो सकते हैं। युवक के सीने पर अंग्रेजी अक्षरों में ‘KP’ लिखा हुआ है। इसके अलावा एक हाथ पर लड़की का चित्र और दूसरे हाथ पर अन्य आकृति का टैटू बना हुआ है। पुलिस इन्हीं पहचान चिह्नों के आधार पर युवक के परिजनों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
पुलिस ने जारी किए संपर्क नंबर
बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति को मृतक के हुलिए, टैटू, नाम-पते या हाल ही में लापता हुए किसी युवक के संबंध में जानकारी हो, तो तत्काल पुलिस को सूचित करें।
जानकारी देने के लिए राजादेवरी थाना प्रभारी के मोबाइल नंबर 7999347550, बया चौकी प्रभारी 7987779644, साइबर सेल बलौदाबाजार 8435564176, दृष्टि हेल्पलाइन 9479220392 या पुलिस कंट्रोल रूम 9479190629 पर संपर्क किया जा सकता है।
पुलिस ने लोगों से इस सूचना को अधिक से अधिक साझा करने की अपील की है, ताकि अज्ञात युवक की जल्द पहचान हो सके और उसके परिजनों तक सूचना पहुंचाई जा सके। फिलहाल मृतक की पहचान और घटना की परिस्थितियों का पता लगाया जाना बाकी है।







