लोरमी। छत्तीसगढ़ के लोरमी स्थित डबरी पारा तालाब का जल्द कायाकल्प किया जाएगा। मिशन अमृत 2.0 के तहत तालाब के जीर्णोद्धार, सौंदर्यीकरण और जल गुणवत्ता सुधार के लिए 2 करोड़ 57 लाख 62 हजार रुपये की स्वीकृति दी गई है। उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री अरुण साव की पहल पर होने वाले इस कार्य से तालाब परिसर में नागरिकों को टहलने के लिए पाथवे, बैठने के लिए बेंच, तीन घाट और बेहतर प्रकाश व्यवस्था जैसी सुविधाएं मिलेंगी।
परियोजना के तहत तालाब की सफाई, गहरीकरण, गाद निकालने और जलकुंभी हटाने के साथ जल निकासी की व्यवस्था को भी बेहतर बनाया जाएगा। तालाब का कुल परियोजना क्षेत्र 7,026 वर्गमीटर है, जिसमें 4,615 वर्गमीटर जल क्षेत्र शामिल है। निर्माण कार्य को नौ महीने में पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके बाद पांच वर्षों तक संचालन और संधारण की व्यवस्था भी परियोजना में शामिल है।
तालाब परिसर में मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं
डबरी पारा तालाब के किनारों को सुरक्षित और मजबूत बनाने के लिए आरसीसी रिटेनिंग वॉल का निर्माण किया जाएगा। नागरिकों के घूमने और टहलने के लिए पाथवे बनाया जाएगा, जबकि तीन घाटों और बेंच की व्यवस्था से लोगों को सुविधा मिलेगी। परिसर को रोशन करने के लिए सोलर स्ट्रीट लाइट लगाई जाएंगी। इसके अलावा हरियाली विकसित कर तालाब के आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाया जाएगा।
जल गुणवत्ता सुधारने के लिए लगेंगे चार फ्लोटिंग एरेटर
तालाब के पानी की गुणवत्ता सुधारने के लिए चार फ्लोटिंग एरेटर लगाए जाएंगे। दूषित जल के उपचार के लिए 10 किलोलीटर प्रतिदिन (केएलडी) क्षमता का सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट स्थापित किया जाएगा। पानी की उपलब्धता के लिए बोरवेल और पंप की व्यवस्था भी की जाएगी।
बारिश के पानी और अतिरिक्त जल की सुरक्षित निकासी के लिए नालियां बनाई जाएंगी। वर्षा जल के प्राकृतिक निस्पंदन और व्यवस्थित निकासी के लिए बायो-स्वेल का निर्माण होगा। इसके साथ ही अतिरिक्त पानी की निकासी के लिए ओवरफ्लो पाइपलाइन बिछाई जाएगी।
नौ महीने में पूरा होगा निर्माण कार्य
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि डबरी पारा तालाब का जीर्णोद्धार नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखकर किया जाएगा। पाथवे, बेंच, घाट, सोलर लाइट और हरियाली से तालाब परिसर अधिक उपयोगी और सुंदर बनेगा। सरकार का उद्देश्य शहरी विकास को नागरिकों की रोजमर्रा की जरूरतों से जोड़ना और सार्वजनिक स्थलों को बेहतर बनाना है।
नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के सचिव सोनमणि बोरा ने विभागीय अधिकारियों और लोरमी नगर पालिका को निर्माण कार्य में गुणवत्ता मानकों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने नियमित निगरानी के साथ नौ महीने की निर्धारित अवधि में कार्य पूरा करने तथा जल शोधन और निकासी से जुड़ी व्यवस्थाओं की तकनीकी गुणवत्ता सुनिश्चित करने को कहा है। निर्माण के बाद पांच वर्ष तक उचित संचालन और संधारण पर भी विशेष जोर दिया गया है।







