Home / Chhattisgarh / आगामी खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में धान खरीदी की तैयारियों को लेकर कलेक्टर ने ली बैठक, जिले के सभी 134 उपार्जन केंद्रों पर पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश

आगामी खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में धान खरीदी की तैयारियों को लेकर कलेक्टर ने ली बैठक, जिले के सभी 134 उपार्जन केंद्रों पर पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश

ख़बर शेयर करें:
  • 31 अक्टूबर तक किसान पंजीयन पूरा कराने तथा अवैध धान परिवहन रोकने के लिए सीमाओं पर चेकपोस्ट बनाने के निर्देश
  • धान खरीदी केंद्रों में किसानों को मिलेंगी बेहतर सुविधाएं, साफ-सफाई से लेकर पेयजल तक के इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश

जांजगीर-चांपा, 27 अक्टूबर 2026। कलेक्टर जन्मेजय महोबे की अध्यक्षता में आगामी खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में धान खरीदी की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले की सभी धान खरीदी समितियों एवं उपार्जन केंद्रों में शासन द्वारा निर्धारित व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। जिले में कुल 102 समितियों के अंतर्गत 134 धान उपार्जन केंद्र संचालित किए जाने हैं। इनमें पांच नवीन उपार्जन केंद्र भी शामिल हैं। कलेक्टर ने सभी केंद्रों में शासन द्वारा जारी चेकलिस्ट के अनुरूप आवश्यक तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने धान उपार्जन केंद्रों में साफ-सफाई, फेंसिंग, विद्युत व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों की स्थापना तथा बारदानों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही बायोमेट्रिक उपकरणों की उपलब्धता, किसानों के लिए पेयजल, छायादार बैठने की व्यवस्था, शौचालय तथा प्राथमिक उपचार की सुविधाएं उपलब्ध कराने को कहा। उन्होंने समितियों में संचालित पीसीएसएपी पोर्टल पर उपार्जन केंद्रों से संबंधित जानकारी की सटीक प्रविष्टि सुनिश्चित करने तथा शासन के निर्देशों का पालन करने के लिए भी अधिकारियों को निर्देशित किया।

कलेक्टर ने अवैध धान पर रोक लगाने के लिए जिले की सीमाओं पर चेकपोस्ट स्थापित करने के निर्देश दिए। साथ ही कोचियों और बिचौलियों पर सतत निगरानी रखने और कड़ी कार्रवाई करने को कहा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों के बीच व्यापक प्रचार-प्रसार कर 31 अक्टूबर 2026 तक पंजीयन की प्रक्रिया पूरी कराई जाए, ताकि पात्र किसानों को धान विक्रय में किसी प्रकार की परेशानी न हो। बैठक में संयुक्त कलेक्टर संदीप ठाकुर, डिप्टी कलेक्टर ऋचा सिंह, खाद्य अधिकारी संदीप पाण्डेय, सीसीबी नोडल अमित साहू, डीएम नान मनोज मिंज, अधीक्षक भू-अभिलेख विनय पटेल, लेखाधिकारी मार्कफेड संतोष कुमार वर्मा, मंडी सचिव विवेक जायसवाल, अमर राठौर सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

ख़बर शेयर करें:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *