Home / Chhattisgarh / धमतरी में गौ-तस्करी का भंडाफोड़: 10 गायों से भरा ट्रक जब्त, बिलासपुर और कोरबा के दो आरोपी गिरफ्तार, 20 लाख का माल बरामद

धमतरी में गौ-तस्करी का भंडाफोड़: 10 गायों से भरा ट्रक जब्त, बिलासपुर और कोरबा के दो आरोपी गिरफ्तार, 20 लाख का माल बरामद

ख़बर शेयर करें:

धमतरी, 26 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में पुलिस ने गौ-तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 10 गायों को अवैध रूप से परिवहन कर रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कुरुद थाना पुलिस ने मरौद टोल प्लाजा के पास घेराबंदी कर छह चक्का ट्रक को पकड़ा। तलाशी के दौरान ट्रक में 10 गायों को क्रूरतापूर्वक ठूंस-ठूंसकर ले जाते पाया गया। पुलिस ने सभी गायों को सुरक्षित मुक्त कराते हुए ट्रक सहित कुल 20 लाख रुपये का मशरूका जब्त किया है। गिरफ्तार आरोपी बिलासपुर और कोरबा जिले के रहने वाले हैं।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, SP भावना पांडेय के निर्देशन में जिले में अवैध पशु तस्करी और पशु क्रूरता के मामलों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में कुरुद पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक छह चक्का ट्रक में गोवंश को अवैध रूप से भरकर ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने ग्राम मरौद स्थित टोल प्लाजा के पास नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहनों की जांच शुरू की।

इस दौरान पुलिस ने एक अशोक लीलैंड छह चक्का ट्रक को रोककर तलाशी ली। ट्रक के भीतर 10 गायों को बेहद क्रूरतापूर्वक रखा गया था। पशुओं के लिए पर्याप्त दाना-पानी की व्यवस्था भी नहीं थी। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में गोवंश को कत्लखाने ले जाने की आशंका सामने आई है। हालांकि, इस संबंध में आगे की जांच की जा रही है।

पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सभी 10 गायों को सुरक्षित मुक्त कराया और ट्रक में सवार दोनों व्यक्तियों को हिरासत में ले लिया। पूछताछ के बाद आरोपियों की पहचान प्रदीप कुमार कश्यप (38 वर्ष), निवासी गड़वर, थाना रतनपुर, जिला बिलासपुर और मिथलेश पटेल (22 वर्ष), निवासी कसनिया जरभाठा, थाना कटघोरा, जिला कोरबा के रूप में हुई। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 5 लाख रुपये कीमत की 10 गायों और करीब 15 लाख रुपये कीमत के अशोक लीलैंड ट्रक को जब्त किया है। इस प्रकार कुल जब्त मशरूका की अनुमानित कीमत 20 लाख रुपये बताई गई है।

कुरुद थाना पुलिस ने मामले में अपराध क्रमांक 357/2026 दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम, 2004 की धारा 4, 6 एवं 10 तथा पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11(डी) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है। यह कार्रवाई 25 अक्टूबर 2026 की सुबह करीब 9:46 बजे मरौद टोल प्लाजा के पास की गई। मामले में सहायक उपनिरीक्षक सुरेश नंद की ओर से रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजने की कार्रवाई की है। धमतरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध पशु तस्करी और पशुओं के प्रति क्रूरता करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही आम नागरिकों से अपील की गई है कि ऐसी किसी भी अवैध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

ख़बर शेयर करें:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *