Home / Chhattisgarh / CG NEWS: ऑपरेशन निश्चय के तहत पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 30 किलो गांजा के साथ 7 अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार, 25.41 लाख का माल जब्त

CG NEWS: ऑपरेशन निश्चय के तहत पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 30 किलो गांजा के साथ 7 अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार, 25.41 लाख का माल जब्त

ख़बर शेयर करें:

बलौदाबाजार-भाटापारा, 24 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन निश्चय के तहत सिमगा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने ओडिशा से उत्तर प्रदेश के प्रयागराज ले जाई जा रही गांजे की बड़ी खेप पकड़ते हुए सात अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 30 किलो 430 ग्राम गांजा, दो कार और छह मोबाइल फोन सहित कुल 25 लाख 41 हजार 500 रुपए का सामान जब्त किया गया है। पुलिस की नाकेबंदी देखकर भागने की कोशिश में तस्करों की स्विफ्ट कार डिवाइडर से टकरा गई, जिसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपियों को दबोच लिया।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 23 अक्टूबर को सिमगा पुलिस को सूचना मिली थी कि ओडिशा से सफेद रंग की स्विफ्ट कार क्रमांक UP70 GE 3782 में बड़ी मात्रा में गांजा भरकर प्रयागराज ले जाया जा रहा है। तस्करों ने पुलिस की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए स्विफ्ट कार के आगे बलेनो कार क्रमांक UP70 GN 5538 को पायलट वाहन के रूप में लगा रखा था। इस कार में सवार लोग रास्ते में पुलिस की चेकिंग और नाकेबंदी की जानकारी पीछे चल रहे साथियों तक पहुंचा रहे थे।

सूचना मिलते ही SP गौरव राय के निर्देशन में सिमगा पुलिस ने महासमुंद और बिलासपुर पुलिस के साथ समन्वय स्थापित कर एनएच-130 और सिमगा ओवरब्रिज के आसपास नाकेबंदी की। पुलिस को सामने देखकर दोनों वाहनों के चालकों ने रफ्तार बढ़ाकर भागने का प्रयास किया। पुलिस टीम ने तत्काल पीछा शुरू किया। इसी दौरान ग्राम दामाखेड़ा स्थित खुशी वाटिका के पास तेज रफ्तार स्विफ्ट कार अनियंत्रित होकर सड़क के डिवाइडर से टकरा गई। पुलिस ने मौके पर घेराबंदी कर सातों आरोपियों को हिरासत में ले लिया।

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में यह भी सामने आया कि गिरोह का एक सदस्य स्थानीय स्तर पर पत्रकार के सहायक के रूप में जुड़ा हुआ था, जबकि दूसरा कथित चिकित्सक यानी ग्रामीण प्रैक्टिशनर के रूप में काम करता था। आरोप है कि दोनों अपनी पहचान का सहारा लेकर पुलिस जांच से बचने का प्रयास करते थे। गिरोह ओडिशा से गांजा लाकर उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में खपाने की तैयारी में था।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने स्विफ्ट कार से 15 पैकेट में रखा 30 किलो 430 ग्राम गांजा बरामद किया, जिसकी अनुमानित कीमत 15 लाख 21 हजार 500 रुपए बताई गई है। इसके अलावा 3 लाख 50 हजार रुपए की स्विफ्ट कार, 6 लाख रुपए की बलेनो कार और 70 हजार रुपए कीमत के छह एंड्रॉइड मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं। इस तरह जब्त सामान की कुल कीमत 25 लाख 41 हजार 500 रुपए आंकी गई है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विनीत कुमार भारती (29 वर्ष), करन कनौजिया (23 वर्ष), सुनील कुमार भारती (22 वर्ष) और सुखलेन्द्र कुमार नट (35 वर्ष), सभी निवासी छतहरा, थाना लालापुर, जिला प्रयागराज के रूप में हुई है। इसके अलावा राजेंद्र गुप्ता (42 वर्ष), निवासी नौढिया तरहार, थाना लालापुर तथा शिवशंकर बिन्द (26 वर्ष) और अनिल कुमार बिन्द (39 वर्ष), दोनों निवासी पावरी, घूरपुर, जिला प्रयागराज, उत्तर प्रदेश को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस ने सभी सात आरोपियों के खिलाफ थाना सिमगा में अपराध क्रमांक 466/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) में मामला दर्ज किया है। आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया जा रहा है। पुलिस अब इस अंतरराज्यीय गांजा तस्करी नेटवर्क से जुड़े मुख्य सप्लायरों और खरीदारों की जानकारी जुटा रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि गिरोह पहले कितनी बार गांजे की खेप उत्तर प्रदेश पहुंचा चुका है। फिलहाल पूरे मामले की विवेचना जारी है।

ख़बर शेयर करें:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *