Home / Chhattisgarh / बलौदाबाजार में अंतरराज्यीय गांजा तस्करी नेटवर्क का खुलासा, ओडिशा से मुख्य सप्लायर गिरफ्तार, 15.5 किलो गांजा समेत 3.96 लाख का माल जब्त

बलौदाबाजार में अंतरराज्यीय गांजा तस्करी नेटवर्क का खुलासा, ओडिशा से मुख्य सप्लायर गिरफ्तार, 15.5 किलो गांजा समेत 3.96 लाख का माल जब्त

ख़बर शेयर करें:

बलौदाबाजार-भाटापारा, 24 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में पुलिस ने अंतरराज्यीय गांजा तस्करी नेटवर्क का खुलासा करते हुए ओडिशा से गांजा सप्लाई करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। सिटी कोतवाली पुलिस ने पूर्व में गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ और तस्करी की कड़ियों को जोड़ते हुए ओडिशा के बौद्ध जिले तक पहुंचकर मुख्य सप्लायर आकाश करना को दबोचा। इस मामले में अब तक 15 किलो 500 ग्राम अवैध गांजा, स्विफ्ट कार, नकदी और अन्य सामग्री सहित कुल 3 लाख 96 हजार 100 रुपए का सामान जब्त किया गया है।

पुलिस के अनुसार, जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और खरीदी-बिक्री पर रोक लगाने के लिए SP गौरव राय के निर्देशन में लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत सिटी कोतवाली पुलिस ने गांजा तस्करी के अंतरराज्यीय नेटवर्क तक पहुंचने में सफलता हासिल की है।

दरअसल, 17 अक्टूबर 2026 को सिटी कोतवाली पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर ग्राम खोरसीनाला पनगांव में दबिश दी थी। इस दौरान आरोपी आकाश कुरें के कब्जे से उसकी स्विफ्ट कार क्रमांक CG 22 AC 0325 की डिग्गी और घर के किचन के छज्जे में छिपाकर रखा गया कुल 15 किलो 500 ग्राम गांजा बरामद किया गया था। पुलिस ने मौके से गांजा बिक्री की रकम 91 हजार 100 रुपए और प्लास्टिक रैपर भी जब्त किए थे।

गिरफ्तारी के बाद आरोपी आकाश कुरें से पूछताछ में पता चला कि उसने गांजा गनियारी-भानपुर निवासी भूषन कुमार यादव से खरीदा था। इस जानकारी के आधार पर पुलिस ने गिरौदपुरी क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए भूषन कुमार यादव को भी गिरफ्तार कर लिया था।

दो आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने मामले की जांच आगे बढ़ाई। पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर गांजा तस्करी की कड़ियों को जोड़ते हुए पुलिस को जानकारी मिली कि गांजे की सप्लाई ओडिशा से की जा रही थी। इसके बाद सिटी कोतवाली की विशेष टीम को ओडिशा रवाना किया गया।

पुलिस टीम ने ओडिशा के बौद्ध जिले में लगातार पतासाजी और दबिश देकर गांजा सप्लाई करने वाले आरोपी आकाश करना को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने ओडिशा से गांजा लाकर छत्तीसगढ़ में सप्लाई करने की बात स्वीकार की है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान आकाश करना (28 वर्ष), पिता सहदेव करना, निवासी खलिमामुंडा, थाना माममुंडा, जिला बौद्ध, ओडिशा के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को 23 अक्टूबर 2026 को विधिवत गिरफ्तार किया।

इस मामले में थाना सिटी कोतवाली में अपराध क्रमांक 870/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(B) और 29 के अंतर्गत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत करने की प्रक्रिया के साथ मामले की आगे की विवेचना कर रही है। पुलिस का कहना है कि गांजा तस्करी के नेटवर्क की पूरी कड़ी का पता लगाने के लिए जांच जारी है।

ख़बर शेयर करें:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *