रायपुर। राजधानी रायपुर में नाबालिग लड़के द्वारा चार लड़कियों के नहाते समय चोरी-छिपे वीडियो बनाने और उन्हें अपने दो दोस्तों को भेजने का मामला सामने आया है। मामले में गोल बाजार पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर दोनों युवकों को गिरफ्तार कर लिया। वहीं वीडियो बनाने वाले नाबालिग के खिलाफ किशोर न्याय प्रक्रिया के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।
पुलिस के मुताबिक, मामला गोल बाजार थाना क्षेत्र का है। एक पीड़िता ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। संदेह होने पर उसने लक्की तंगील का मोबाइल फोन चेक किया, जिसमें उसे अपने साथ-साथ मोहल्ले की तीन अन्य लड़कियों के नहाते समय के वीडियो मिले। शिकायत के अनुसार, ये वीडियो एक नाबालिग लड़के ने बनाए थे और अपने दो दोस्तों कृष्णा लंगोटे तथा लक्की तंगील को भेजे थे। मामला सामने आने के बाद पीड़िता ने पुलिस से शिकायत की।
शिकायत के आधार पर गोल बाजार पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 77 और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम (IT Act) की धारा 66E के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने मामले में शामिल नाबालिग और उसके दोनों दोस्तों की पहचान कर उनके कब्जे से तीन मोबाइल फोन जब्त किए।
पुलिस ने इस मामले में कृष्णा लंगोटे (19) और लक्की तंगील (21), दोनों निवासी शास्त्री मार्केट क्षेत्र, रायपुर को गिरफ्तार किया है। दोनों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की गई है। वहीं, वीडियो बनाने वाले नाबालिग के विरुद्ध किशोर न्याय प्रक्रिया के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।







