Home / Chhattisgarh / कोरबा के लाल मैदान में होगा 120 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन, आसमानी आतिशबाजी और आकर्षक रोशनी से जगमगाएगा मैदान

कोरबा के लाल मैदान में होगा 120 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन, आसमानी आतिशबाजी और आकर्षक रोशनी से जगमगाएगा मैदान

ख़बर शेयर करें:

कोरबा, 19 अक्टूबर । जिले के प्रसिद्ध लाल मैदान दशहरा उत्सव की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। इस वर्ष दर्री स्थित लाल मैदान में 120 फीट ऊंचे रावण के विशाल पुतले का दहन किया जाएगा। 20 अक्टूबर को आयोजित होने वाले इस भव्य दशहरा उत्सव में आकर्षक आसमानी आतिशबाजी और रंग-बिरंगी रोशनी दर्शकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र होगी। आयोजन को लेकर हसदेव ताप विद्युत गृह, कोरबा पश्चिम के अधिकारियों और कर्मचारियों की समिति तैयारियों में जुटी हुई है।

लाल मैदान में आयोजित दशहरा उत्सव में मुख्य अतिथि के रूप में क्षेत्रीय विधायक एवं उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन शामिल होंगे। इसके अलावा जिला प्रशासन और छत्तीसगढ़ स्टेट पावर जनरेशन कंपनी के वरिष्ठ अधिकारी भी कार्यक्रम में उपस्थित रहेंगे।

दशहरा उत्सव समिति के संरक्षक एवं कार्यपालक निदेशक एचके सिंह के मार्गदर्शन में आयोजन की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। समिति के कार्यकारी अध्यक्ष एसके गोठी ने बताया कि 20 अक्टूबर को शाम 7 बजे से दशहरा उत्सव का कार्यक्रम शुरू होगा।

इस बार लाल मैदान में स्थापित रावण का विशाल पुतला बेहद आकर्षक होगा। दस सिरों वाला रावण अपनी लाल-लाल आंखें दिखाएगा, सिर घुमाएगा और जोर-जोर से अट्टहास करेगा। रावण के पुतले की ये विशेषताएं दर्शकों, खासकर बच्चों के लिए आकर्षण का केंद्र रहेंगी।

रात 8 बजे से भव्य आसमानी आतिशबाजी शुरू होगी। रंग-बिरंगी आतिशबाजी से आसमान जगमगा उठेगा। पूरे लाल मैदान को आकर्षक रोशनी से सजाया जाएगा। वहीं आसपास मेले जैसा माहौल रहेगा। आतिशबाजी के बाद 120 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन किया जाएगा।

कोरबा जिले में लाल मैदान का दशहरा उत्सव अपनी भव्यता के लिए प्रसिद्ध है। इस बार भी विशाल रावण पुतले, शानदार आतिशबाजी और आकर्षक सजावट के साथ आयोजन को यादगार बनाने की तैयारी की जा रही है।

ख़बर शेयर करें:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *