Home / Chhattisgarh / बिलासपुर के अटल आवास में भीषण आग, 75 से अधिक लोगों का रेस्क्यू; जान बचाने के लिए पहली और दूसरी मंजिल से कूदे लोग, viral video

बिलासपुर के अटल आवास में भीषण आग, 75 से अधिक लोगों का रेस्क्यू; जान बचाने के लिए पहली और दूसरी मंजिल से कूदे लोग, viral video

ख़बर शेयर करें:

बिलासपुर,19 अक्टूबर 2026। Video viral न्यायधानी बिलासपुर में मुक्तिधाम के पास स्थित अटल आवास में रविवार देर रात ग्राउंड फ्लोर पर भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग की लपटों और घने धुएं के कारण आवासीय परिसर में रहने वाले लोगों के बीच अफरा-तफरी की स्थिति निर्मित हो गई। घटना के समय बड़ी संख्या में महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग अपने घरों में मौजूद थे। आग और धुएं से बचने के लिए कुछ महिलाओं और बच्चों ने पहली तथा दूसरी मंजिल से छलांग लगा दी। इस दौरान एक व्यक्ति के घायल होने की सूचना है। हालांकि, राहत की बात यह रही कि घटना में किसी की मौत नहीं हुई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सरकंडा थाना क्षेत्र के मुक्तिधाम के पास बने अटल आवास के ग्राउंड फ्लोर में रविवार देर रात अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और परिसर के बाहर खड़ी करीब छह मोटरसाइकिलें इसकी चपेट में आकर जल गईं। आग से उठते घने धुएं के कारण लोगों को घरों से बाहर निकलने में परेशानी होने लगी। कई लोग परिसर के भीतर ही फंस गए, जिससे उनकी जान पर खतरा मंडराने लगा।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय लोगों ने साहस दिखाते हुए राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घरों में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए रस्सियों और कपड़ों का सहारा लिया गया। आसपास के लोगों ने महिलाओं और बच्चों को छत से नीचे उतारने में मदद की। इस दौरान करीब 75 से अधिक लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने की जानकारी सामने आई है। आग से बचने के लिए कुछ लोगों ने ऊंचाई से छलांग लगाई, जिससे एक व्यक्ति के घायल होने की बात कही जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही सरकंडा पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद देर रात आग पर काबू पाया। आग लगने की खबर फैलते ही घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। राहत एवं बचाव कार्य के दौरान परिसर में रहने वाले लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने पर विशेष ध्यान दिया गया।

फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल सका है। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई जा रही है। सरकंडा थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है। आग से हुए कुल नुकसान और घटना के कारणों की विस्तृत जानकारी जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगी।

ख़बर शेयर करें:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *