Home / Chhattisgarh / बालको नगर के स्केटर्स ने चमकाया कोरबा का नाम, 15 पदक जीत राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए चयनित

बालको नगर के स्केटर्स ने चमकाया कोरबा का नाम, 15 पदक जीत राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए चयनित

ख़बर शेयर करें:

कोरबा, 14 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में आयोजित आरएसएफआई (RSFI) प्रतियोगिता एवं छत्तीसगढ़ एंड्योरेंस चैंपियनशिप में बालको नगर के प्रतिभावान स्केटर्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कोरबा जिले का नाम रोशन किया है। विभिन्न आयु वर्गों में खिलाड़ियों ने कुल 15 पदक अपने नाम किए। उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर कई खिलाड़ियों का चयन राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए किया गया है। युवा स्केटर्स की इस उपलब्धि से खेल प्रेमियों और उनके परिजनों में हर्ष का माहौल है।

रायपुर के कृष्णा पब्लिक स्कूल, सरोना में आयोजित आरएसएफआई प्रतियोगिता तथा ब्रह्मविद द ग्लोबल स्कूल में आयोजित छत्तीसगढ़ एंड्योरेंस चैंपियनशिप में बालको नगर के खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा, मेहनत और खेल कौशल का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। इन प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों ने विभिन्न स्पर्धाओं में पदक हासिल कर अपनी प्रतिभा साबित की।

डीपीएस बालको की प्रनिशा सिंह चंदेल ने 6 से 8 वर्ष आयु वर्ग की इनलाइन स्केटिंग में दो रजत और एक कांस्य पदक हासिल किया। इनमें दो रजत पदक आरएसएफआई प्रतियोगिता में तथा एक कांस्य पदक छत्तीसगढ़ एंड्योरेंस चैंपियनशिप में मिला। उनका चयन आरएसएफआई नेशनल और ऑल इंडिया एंड्योरेंस चैंपियनशिप के लिए हुआ है।

एमजीएम स्कूल बालको के हंसित शांडिल्य ने आठ वर्ष से कम आयु वर्ग की क्वाड स्केटिंग में दो स्वर्ण पदक जीतकर शानदार प्रदर्शन किया। उनका चयन ऑल इंडिया एंड्योरेंस चैंपियनशिप के लिए किया गया है। डीपीएस बालको की ओमिशा सिंह चंदेल ने छह वर्ष से कम आयु वर्ग में दो कांस्य पदक, जबकि अमोहा अरविन्धा ने दस वर्ष से कम आयु वर्ग में दो कांस्य पदक अर्जित किए। दोनों का चयन ऑल इंडिया एंड्योरेंस चैंपियनशिप के लिए हुआ है।

इसी तरह डीपीएस बालको के मृदुल सारस्वत ने सात वर्ष से कम आयु वर्ग में एक रजत और एक कांस्य पदक जीता। रियांश साहू ने आठ वर्ष से कम आयु वर्ग में दो कांस्य पदक हासिल किए। दोनों खिलाड़ी ऑल इंडिया एंड्योरेंस चैंपियनशिप के लिए चयनित हुए हैं। डीपीएस बालको की स्तुति कंवर ने दस वर्ष से कम आयु वर्ग की रिक्रिएशन इनलाइन स्केटिंग में एक कांस्य पदक जीतकर राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए अपनी जगह बनाई। वहीं, अमायरा खुल्लर ने छह से आठ वर्ष आयु वर्ग की इनलाइन स्केटिंग में आरएसएफआई चैंपियनशिप में एक कांस्य पदक हासिल किया।

बालको नगर के इन युवा खिलाड़ियों की उपलब्धियां जिले में स्केटिंग के प्रति बढ़ते उत्साह और खेल प्रतिभाओं की क्षमता को दर्शाती हैं। राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए चयनित खिलाड़ी अब आगामी मुकाबलों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए कोरबा और छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करेंगे। उनकी इस सफलता से क्षेत्र में खेल गतिविधियों को प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है।

ख़बर शेयर करें:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *