कोरबा/दीपका। नगर पालिका परिषद दीपका अंतर्गत पाली रोड स्थित सिरकी मोड़ (बतारी चौक) पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था नहीं होने से दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। शाम होते ही चौक पर अंधेरा छा जाने के कारण वाहन चालकों और राहगीरों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ता है। इस समस्या के समाधान के लिए नगर पालिका परिषद दीपका के पार्षद एवं पीआईसी सदस्य अरुणीश तिवारी ने एसईसीएल (SECL) दीपका क्षेत्र के महाप्रबंधक को पत्र सौंपकर चौक पर हाई मास्ट लाइट लगाने की मांग की है।
पार्षद अरुणीश तिवारी ने पत्र के माध्यम से एसईसीएल प्रबंधन का ध्यान सिरकी मोड़ पर प्रकाश व्यवस्था की कमी से उत्पन्न हो रही समस्याओं की ओर आकर्षित किया है। उन्होंने बताया कि पाली रोड का यह चौक आवागमन की दृष्टि से महत्वपूर्ण है। यहां से प्रतिदिन बड़ी संख्या में आम नागरिकों, दोपहिया एवं चारपहिया वाहनों के साथ-साथ कोयला खदानों में कार्यरत भारी वाहनों और ट्रेलरों का आवागमन होता है। ऐसे में चौक पर पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था नहीं होने से वाहन चालकों को विशेषकर रात के समय परेशानी होती है।
उन्होंने कहा कि अंधेरे के कारण सड़क पर दृश्यता कम हो जाती है, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है। वहीं, भारी वाहनों की आवाजाही और यातायात व्यवस्था प्रभावित होने से कई बार जाम की स्थिति भी निर्मित हो जाती है। इससे स्थानीय निवासियों, राहगीरों, खदान कर्मियों तथा अन्य वाहन चालकों को परेशानी उठानी पड़ती है। व्यस्त मार्ग होने के कारण इस स्थान पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करना आवश्यक है।
पार्षद ने एसईसीएल प्रबंधन से जनसुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सिरकी मोड़ (बतारी चौक) पर कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) अथवा अन्य उपयुक्त मद से शीघ्र हाई मास्ट लाइट स्थापित कराने का आग्रह किया है। उनका कहना है कि चौक पर पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था होने से रात के समय आवागमन अधिक सुरक्षित और सुगम हो सकेगा तथा दुर्घटनाओं की आशंका को कम करने में मदद मिलेगी।
अब क्षेत्रवासियों को उम्मीद है कि एसईसीएल प्रबंधन इस मांग पर सकारात्मक पहल करते हुए सिरकी मोड़ पर प्रकाश व्यवस्था की समस्या का समाधान करेगा। हाई मास्ट लाइट की स्थापना से दीपका क्षेत्र के इस व्यस्त चौक पर यातायात व्यवस्था बेहतर बनाने और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में मदद मिल सकती है।







