रायपुर। छत्तीसगढ़ के लिए गौरव का एक और अवसर सामने आया है। आकांक्षा लायंस इंस्टीट्यूट ऑफ लर्निंग एंड एम्पावरमेंट, अवंति विहार, रायपुर के 22 वर्षीय ऑटिस्टिक छात्र इभानन ने हांगकांग में आयोजित स्पेशल ओलंपिक ईस्ट एशिया रीजनल बॉलिंग चैंपियनशिप 2026 में दो स्वर्ण पदक जीतकर देश और प्रदेश का नाम रोशन किया है। बता दें कि प्रतियोगिता का आयोजन 4 से 9 सितंबर 2026 तक हांगकांग में हुआ। इभानन ने प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए दो स्वर्ण पदक अपने नाम किए। संस्था ने बताया कि उन्होंने चीन, जापान और कोरिया जैसे देशों के खिलाड़ियों के बीच मुकाबला करते हुए यह उपलब्धि हासिल की।
इभानन की यह पहली बड़ी उपलब्धि नहीं है। इससे पहले 2024 में नई दिल्ली में आयोजित इसी चैंपियनशिप में उन्होंने एक स्वर्ण और एक कांस्य पदक जीता था। लगातार दूसरी बार अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन के बाद उनकी इस उपलब्धि को छत्तीसगढ़ के लिए गौरव का विषय बताया जा रहा है।

आकांक्षा लायंस इंस्टीट्यूट के अनुसार, इभानन की इस सफलता में संस्थान के व्यावसायिक प्रशिक्षण और शिक्षकों की मेहनत की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। संस्था विशेष जरूरत वाले बच्चों के लिए शिक्षा, प्रशिक्षण और पुनर्वास से जुड़ी विभिन्न सेवाएं उपलब्ध कराती है।
दो स्वर्ण पदक जीतने के बाद इभानन 10 सितंबर 2026 की रात करीब 8 बजे हांगकांग से दिल्ली होते हुए रायपुर पहुंचेंगे। इभानन के स्वागत के लिए आकांक्षा लायंस इंस्टीट्यूट ऑफ लर्निंग एंड एम्पावरमेंट के शिक्षक, स्टाफ और छात्र-छात्राओं के साथ लायंस क्लब इंटरनेशनल के पदाधिकारी और अन्य गणमान्य नागरिक एयरपोर्ट पहुंचेंगे। इस दौरान इभानन का सेरेमोनियल बैंड की धुन के साथ भव्य स्वागत किया जाएगा।







