Home / Chhattisgarh / SECL की 104 महिला संविदा कर्मियों के लिए विशेष स्वास्थ्य जांच शिविर, श्रद्धा महिला मंडल ने कराया फुल बॉडी चेकअप

SECL की 104 महिला संविदा कर्मियों के लिए विशेष स्वास्थ्य जांच शिविर, श्रद्धा महिला मंडल ने कराया फुल बॉडी चेकअप

ख़बर शेयर करें:

बिलासपुर, 11 अक्टूबर 2026। साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (SECL) में कार्यरत महिला संविदा कर्मियों के स्वास्थ्य और कल्याण को ध्यान में रखते हुए श्रद्धा महिला मंडल द्वारा विशेष स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। एसईसीएल के सहयोग से वसंत विहार स्थित पिंक डिस्पेंसरी में आयोजित इस शिविर में 104 महिला संविदा कर्मियों का व्यापक स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इस अवसर पर श्रद्धा महिला मंडल की अध्यक्षा शशि दुहन विशेष रूप से उपस्थित रहीं।

स्वास्थ्य जांच शिविर के दौरान महिला संविदा कर्मियों का फुल बॉडी हेल्थ चेकअप किया गया। इसमें लिवर फंक्शन टेस्ट, किडनी फंक्शन टेस्ट, सीबीसी सहित विभिन्न आवश्यक जांचें की गईं। इसके अलावा महिलाओं की आंखों की भी जांच की गई। जांच रिपोर्ट आने के बाद जरूरत के अनुसार महिलाओं को दवाइयां उपलब्ध कराई जाएंगी। वहीं, जिन महिलाओं में दृष्टिदोष पाया जाएगा, उन्हें निःशुल्क चश्मे बनवाकर प्रदान किए जाएंगे।

इस अवसर पर श्रद्धा महिला मंडल की अध्यक्षा शशि दुहन ने कहा कि महिला संविदा कर्मी एसईसीएल परिवार का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। कंपनी के कार्यों में उनका योगदान सराहनीय है। परिवार और कार्यस्थल की जिम्मेदारियों के बीच महिलाओं के लिए अपने स्वास्थ्य का ध्यान रखना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि श्रद्धा महिला मंडल महिलाओं के स्वास्थ्य, सम्मान और कल्याण के लिए लगातार प्रयास कर रहा है।

कार्यक्रम में श्रद्धा महिला मंडल की उपाध्यक्ष हसीना कुमार और विनीता जैन भी उपस्थित रहीं।

उल्लेखनीय है कि एसईसीएल की वसंत विहार डिस्पेंसरी कोल इंडिया की पहली पिंक डिस्पेंसरी है। श्रद्धा महिला मंडल द्वारा महिला सशक्तीकरण, स्वास्थ्य, शिक्षा और सामाजिक कल्याण के क्षेत्र में लगातार विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाती रही हैं। इसी क्रम में आयोजित स्वास्थ्य जांच शिविर महिला संविदा कर्मियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।

ख़बर शेयर करें:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *