Home / Chhattisgarh / छत्तीसगढ़ में सड़क, पुल और भवन निर्माण कार्यों में आएगी तेजी, PWD सचिव मुकेश कुमार बंसल ने किया निरीक्षण, गुणवत्ता पर सख्ती

छत्तीसगढ़ में सड़क, पुल और भवन निर्माण कार्यों में आएगी तेजी, PWD सचिव मुकेश कुमार बंसल ने किया निरीक्षण, गुणवत्ता पर सख्ती

ख़बर शेयर करें:

रायपुर, 11 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ में बरसात के बाद सड़क, पुल-पुलियों और शासकीय भवनों के निर्माण कार्यों में तेजी लाने की तैयारी शुरू हो गई है। लोक निर्माण विभाग (PWD) ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और समय-सीमा को लेकर निगरानी सख्त कर दी है। अब वरिष्ठ अधिकारी निर्माण स्थलों का नियमित और औचक निरीक्षण कर कार्यों की वास्तविक प्रगति की जांच करेंगे।

इसी क्रम में लोक निर्माण विभाग के सचिव मुकेश कुमार बंसल ने गरियाबंद जिले का दौरा कर विभिन्न निर्माणाधीन परियोजनाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों और ठेकेदारों को गुणवत्तापूर्ण निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।

सचिव बंसल ने फिंगेश्वर विकासखंड में कोपरा-पोखरा मार्ग के 26.20 किलोमीटर लंबे मजबूतीकरण एवं चौड़ीकरण कार्य का जायजा लिया। इसके अलावा राजिम में नवीन मेला स्थल चौबेबांधा से लक्ष्मण झूला तक 3.50 किलोमीटर लंबे फोरलेन मार्ग के निर्माण की प्रगति देखी।

उन्होंने गरियाबंद में न्यायिक अधिकारियों के लिए निर्माणाधीन दो डी-टाइप आवासगृहों, जिला परिवहन कार्यालय भवन और 40 जीएडी आवासगृहों का भी निरीक्षण किया। इसके बाद बिंद्रानवागढ़ क्षेत्र में कसाबाय-पतोरा दादर मार्ग पर चचंगी नाला में निर्मित पुल तथा कसाबाय-सातधार मार्ग पर हलफली नाला में निर्माणाधीन उच्च स्तरीय पुल और पहुंच मार्ग का जायजा लिया।

निरीक्षण के बाद गरियाबंद सर्किट हाउस में आयोजित समीक्षा बैठक में सचिव बंसल ने अधिकारियों और ठेकेदारों से निर्माण कार्यों में आ रही बाधाओं की जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्यों में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए। गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए नियमित मॉनिटरिंग और औचक निरीक्षण किए जाएंगे।

सचिव ने लोक निर्माण विभाग के संभागीय कार्यालय का भी निरीक्षण कर साफ-सफाई और बेहतर रखरखाव के निर्देश दिए। इस दौरान प्रमुख अभियंता व्ही. के. भतपहरी सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

ख़बर शेयर करें:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *