बिलासपुर, 10 सितम्बर 2026। राष्ट्रीय लोक अदालत के अवसर पर 12 सितंबर 2026, शनिवार को जिला न्यायालय परिसर, बिलासपुर में विशेष निःशुल्क आयुर्वेद चिकित्सा परामर्श एवं उपचार शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर में छत्तीसगढ़ के सुप्रसिद्ध आयुर्वेद चिकित्सा विशेषज्ञ एवं नाड़ीवैद्य डॉ. नागेंद्र नारायण शर्मा विशेष रूप से अपनी चिकित्सकीय सेवाएं प्रदान करेंगे।
शिविर प्रभारी अश्विनी बुनकर ने बताया कि शिविर में आने वाले लोगों का नाड़ी परीक्षण कर उनकी स्वास्थ्य स्थिति एवं प्रकृति का परीक्षण किया जाएगा। इसके आधार पर उन्हें उनकी प्रकृति के अनुरूप आयुर्वेदिक चिकित्सकीय परामर्श दिया जाएगा। इसके साथ ही लोगों को उचित आहार-विहार, दिनचर्या, योग-प्राणायाम तथा स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक सावधानियों की जानकारी भी प्रदान की जाएगी।
शिविर प्रभारी अश्विनी बुनकर ने बताया कि शिविर का उद्देश्य ‘चलो आयुर्वेद की ओर’ मिशन के तहत आमजन को आयुर्वेद से जोड़ना और आयुर्वेद के प्रति जागरूक करना है। इसके माध्यम से आयुर्वेद चिकित्सा पद्धति एवं आयुर्वेदिक स्वास्थ्य सेवाओं को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
आयोजकों ने अंचलवासियों से अधिक से अधिक संख्या में जिला न्यायालय परिसर, बिलासपुर पहुंचकर इस विशेष निःशुल्क आयुर्वेद चिकित्सा परामर्श एवं उपचार शिविर का लाभ उठाने की अपील की है।







