कोरबा में दीपावली से पहले एक घर में अवैध रूप से पटाखों का भंडारण पकड़ा गया है। मुखबिर की सूचना पर कोतवाली पुलिस ने पटाखा कारोबारी के घर छापा मारकर 20 कार्टून पटाखे जब्त किए हैं। इनकी कीमत करीब 2 लाख रुपए बताई जा रही है। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र के पुराना बस्ती का है। पुलिस को सूचना मिली थी कि बस्ती के बलराम जिज्ञासी ने अपने घर में बड़ी मात्रा में पटाखे छिपाकर रखे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घर की तलाशी ली।
तलाशी के दौरान घर से 20 कार्टून पटाखे मिले। पुलिस ने सभी पटाखों को जब्त कर लिया। कोतवाली TI प्रेमचंद साहू ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर यह कार्रवाई की गई है। आरोपी के खिलाफ विस्फोटक अधिनियम के तहत कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

पुलिस को आशंका है कि दीपावली के लिए पटाखों का स्टॉक पहले से ही जमा किया जा रहा था। बताया जा रहा है कि कुछ कारोबारी पड़ोसी जिलों और दूसरे स्थानों से पटाखे मंगाकर बस्ती के अंदर घरों में रख रहे हैं। पुलिस अब यह पता लगा रही है कि जब्त पटाखे कहां से लाए गए थे और इन्हें कहां बेचने की तैयारी थी।
घनी बस्ती में पटाखों का भंडारण खतरनाक
शहर की घनी बस्ती में बड़ी मात्रा में पटाखे रखना लोगों की सुरक्षा के लिए खतरा बन सकता है। कुछ महीने पहले कटघोरा क्षेत्र में एक पटाखा कारोबारी के गोदाम में भीषण आग लग चुकी है। इसके बाद स्थानीय लोगों ने घनी बस्ती में पटाखों के अवैध भंडारण की जांच कर कार्रवाई करने की मांग की है।







